DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

कानपुर देहात में जनगणना में लापरवाही बर्दाश्त नहीं:डीएम का सख्त अल्टीमेटम, समयबद्ध और त्रुटिरहित कार्य के निर्देश

कानपुर देहात में आगामी जनगणना की तैयारियों को लेकर कानपुर देहात प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की पहली बैठक आयोजित की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने जनगणना जैसे राष्ट्रीय दायित्व में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी। बैठक में जनगणना की कार्ययोजना, कार्मिकों की तैनाती, प्रशिक्षण कार्यक्रम और डाटा संग्रहण की प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी तालमेल से काम करने, फील्ड स्तर पर पर्याप्त कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम केवल औपचारिकता न हों, बल्कि पूरी गंभीरता से आयोजित किए जाएं, ताकि गणनाकर्मी नई तकनीकी प्रक्रियाओं में पूरी तरह दक्ष हो सकें। डीएम ने डाटा की पारदर्शिता और गोपनीयता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि एक भी गलत प्रविष्टि पूरी योजना को प्रभावित कर सकती है, इसलिए सतत निगरानी तंत्र विकसित किया जाए। जनसहभागिता बढ़ाने के लिए ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य ने बताया कि जनगणना दो चरणों में होगी। पहले चरण में हाउसहोल्ड गणना के तहत आवासीय संरचनाओं व बुनियादी सुविधाओं का विवरण जुटाया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति का व्यक्तिगत विवरण दर्ज किया जाएगा। इसके लिए माइक्रो-प्लान तैयार कर कार्मिकों की तैनाती व लॉजिस्टिक व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस दौरान बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट शिखा शंखवार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रतिभा सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी विकास पटेल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजय कुमार मिश्र, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी विकास गुप्ता सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


https://ift.tt/ALbmMFY

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *