हरदोई के टड़ियावां थाना क्षेत्र में कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सुभाष पाल और उनके एक साथी के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन पर मछली पालन के लिए किराए पर लिए गए तालाब का लाखों रुपये का किराया और बिजली-पानी का बिल अदा न करने का आरोप है। ग्राम खड़रौआ निवासी रजनीश मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि उनका निबुआई गांव में स्थित एक तालाब 12 मई 2025 को सुरसा क्षेत्र के निवासी कांग्रेस प्रदेश महासचिव सुभाष पाल और अनिल कुमार को वार्षिक 2.10 लाख रुपये के किराए पर दिया गया था। समझौते के अनुसार, आरोपियों ने मौके पर 1.05 लाख रुपये का भुगतान किया था और शेष 1.05 लाख रुपये नवंबर 2025 तक देने का वादा किया था। इसके अतिरिक्त, आठ हजार रुपये प्रतिमाह बिजली-पानी का खर्च भी तय हुआ था। पीड़ित रजनीश मिश्रा का आरोप है कि निर्धारित समय-सीमा बीत जाने के बाद भी आरोपियों ने बकाया राशि और लगभग 20 हजार रुपये का बिजली-पानी बिल जमा नहीं किया। जब उन्होंने बकाया मांगा, तो आरोपियों ने उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। स्थानीय थाने में सुनवाई न होने पर रजनीश मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई। इसके बाद, थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता सुभाष पाल ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि वे रजनीश मिश्रा नाम के किसी व्यक्ति को जानते तक नहीं हैं। वहीं, कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम पांडेय ने इसे राजनीतिक विरोधियों की साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों और नेता की बढ़ती सक्रियता के कारण उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।
https://ift.tt/xPajV6t
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply