DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

कांग्रेस ने मनरेगा बचाओ संग्राम चलाने का ऐलान किया:लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा को रणनीति तेज, भाजपा सरकार पर साधा निशाना

मथुरा के सेठबाड़ा स्थित जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर गुरुवार को मासिक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए पूर्व में किए गए कार्यक्रमों की समीक्षा हुई और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश धनगर ने की। बैठक को संबोधित करते हुए मुकेश धनगर ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए समाज में सांप्रदायिकता फैलाने का प्रयास कर रही है। धनगर ने नौझील में एक विशेष समुदाय के प्रधानाध्यापक पर भाजपा नेताओं द्वारा लगाए गए आरोपों को इसका उदाहरण बताया। जिला अध्यक्ष ने कहा कि धर्म के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा सरकार ने धार्मिक मूल्यों को भी खतरे में डाल दिया है। उन्होंने मणिकर्णिका घाट और माघ मेले में पूज्य शंकराचार्य एवं ब्राह्मण बालकों के कथित अपमान के मामलों का जिक्र किया। धनगर ने कहा कि इस पर किसी हिंदू संगठन की प्रतिक्रिया सामने न आना सरकार की मानसिकता को दर्शाता है। मुकेश धनगर ने प्रदेश में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी पर भी चिंता व्यक्त की, जिससे आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं भी प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास और सौंदर्यीकरण के नाम पर यमुना घाटों के पक्के और सुंदर पत्थरों को तोड़ा जा रहा है, जो भ्रष्टाचार को बढ़ावा देता है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी जल्द ही मोदी और योगी सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार की पोल खोल अभियान चलाएगी। श्री धनगर ने ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत प्रत्येक विधानसभा और ग्राम पंचायत स्तर पर पदयात्रा निकालने की घोषणा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मजदूरों, शोषितों और वंचितों की आवाज बनने का आह्वान किया। बैठक का संचालन मनोज गौड़ ने किया। इस दौरान पूर्व महानगर अध्यक्ष विक्रम वाल्मीकि, आसिफ कुरेशी, गीता दिवाकर, योगेश यादव, रवि वाल्मीकि, शैलेंद्र चौधरी, संदीप चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


https://ift.tt/Q8MH2dC

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *