मिर्जापुर में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास राष्ट्रविरोधी गतिविधियों से भरा रहा है। देश और समाज के हितों से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस कभी गंभीर नहीं रही, इसी वजह से जनता ने उसे नकार दिया और आज वह राजनीतिक रूप से लगभग समाप्ति की कगार पर है। केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को लेकर कांग्रेस नेताओं द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि बिट्टू को ‘गद्दार’ कहना बेहद निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह टिप्पणी केवल इसलिए की गई क्योंकि रवनीत सिंह बिट्टू सिख समुदाय से आते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति हमेशा समाज को बांटने की रही है। कैबिनेट मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का आतंकवाद और नक्सलवाद को लेकर रवैया हमेशा संदिग्ध रहा है। बिना तथ्यों के लोगों को आतंकवादी करार देना कांग्रेस की पुरानी आदत रही है। ऐसे बयानों से कांग्रेस का असली चेहरा देश की जनता के सामने उजागर हो चुका है। स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि कांग्रेस आज कहीं दिखाई नहीं देती, फिर भी अनावश्यक बयानबाजी कर अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता बनाए रखने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब कांग्रेस की इन चालों को भली-भांति समझ चुकी है। इस दौरान उन्होंने तमिलनाडु सरकार के कृषि मंत्री द्वारा उत्तर प्रदेश को लेकर दिए गए बयान पर भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश को दिशा देने वाला प्रदेश है। यहीं से प्रधानमंत्री, ऋषि-मुनि, संत, महापुरुष, उद्योगपति और समाज को मार्गदर्शन देने वाली विभूतियां निकलती रही हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में जातिवाद, क्षेत्रवाद, परिवारवाद और व्यक्तिवाद की राजनीति नहीं है। यहां देश-दुनिया से आने वाले हर व्यक्ति का सम्मान किया जाता है और उसे अपनाने की परंपरा रही है। यही कारण है कि देश और विदेश से सबसे अधिक पर्यटक उत्तर प्रदेश आते हैं। इस मौके पर भाजपा नेता मनोज जायसवाल, जिलाध्यक्ष बृज भूषण सिंह, नगर पालिकाध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी सहित कई पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
https://ift.tt/82ESM3I
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply