कन्नौज में झाड़-फूंक के नाम पर एक युवक की मौत हो गयी। परिजनों ने आरोप लगाया है कि झाड़-फूंक करने आए चार लोगों ने युवक के साथ मारपीट की। उसे जबरन कई बार गंगा में डुबकियां लगवाईं, जिससे उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद आरोपी शव को घर के बाहर छोड़कर फरार हो गए। मामला गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र का है। गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के अलीपुर जलेसर गांव निवासी बाबूराम के पुत्र रविंद्र कुमार (24) पिछले करीब एक सप्ताह से बीमार चल रहे थे। परिजनों ने फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ स्थित एक निजी अस्पताल में उनका इलाज कराया। सिटी स्कैन भी कराया गया। लेकिन स्वास्थ्य में कोई खास सुधार नहीं हुआ। भाई ने झाड़-फूंक करने वालों को बुलाया इसके बाद परिजनों ने किसी अनहोनी या बलाय-बाधा की आशंका जताते हुए झाड़-फूंक कराने का निर्णय लिया। मृतक के मझले भाई वीरेंद्र ने फोन कर झाड़-फूंक करने वालों को बुलाया। बुधवार शाम करीब चार बजे कन्नौज के बढ़ारपुर गांव निवासी चार लोग गांव पहुंचे। आरोप है कि चारों लोग रविंद्र को गंगा तट पर ले गए, जहां झाड़-फूंक के दौरान उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। उसे कई बार जबरन गंगा में डुबकी लगवाई गई। इससे उसकी हालत गंभीर हो गई। शव घर के बाहर छोड़कर फरार वीरेंद्र के अनुसार, शाम करीब सात बजे वह झाड़-फूंक में बताई गई सामग्री लेने बाजार गया था। इसी दौरान आरोपी रविंद्र को मृत अवस्था में उसके घर के बाहर छोड़कर फरार हो गए। जब परिजन घर पहुंचे तो युवक को मृत देख हड़कंप मच गया। तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक अविवाहित था। कोतवाली प्रभारी अजय अवस्थी ने बताया- युवक की मौत की सूचना मिली है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों की तहरीर और लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
https://ift.tt/KBUeNyA
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply