एटा के जसरथपुर थाना क्षेत्र के फर्दपुरा गांव में शुक्रवार देर शाम खेत से घर लौट रहे युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। मामले में घायल युवक की मां की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद समेत दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जान से मारने के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। घटना शुक्रवार देर शाम की है। फर्दपुरा गांव निवासी नीलेश (25) खेतों की ओर शौच के लिए गया था और लौटते समय रास्ते में कथित तौर पर पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उसे घेर लिया। इसके बाद नीलेश पर फायरिंग कर दी गई। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने नीलेश को तुरंत एटा स्थित वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल युवक का इलाज जारी है। घायल युवक की मां गुड्डी देवी की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने गांव के सुनील उर्फ भूरे और राधेश्याम के साथ-साथ दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जसरथपुर थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि 2022 में आरोपी पक्ष की ओर से एक कार्यक्रम के दौरान झगड़ा हुआ था। उस समय हुई फायरिंग में एक लड़की को गोली लग गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। तभी से दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही है। प्रारंभिक जांच में इसी रंजिश को वारदात का कारण माना जा रहा है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है, लेकिन फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं। थाना प्रभारी ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। मामले की जांच जारी है।
https://ift.tt/G9P7tdR
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply