DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

ऊंचाहार नगर पंचायत की लापरवाही, वार्ड में गंदगी का अंबार:नालियों का पानी सड़कों पर, अधूरे निर्माण से बच्चे बीमार

रायबरेली के ऊंचाहार नगर पंचायत के वार्ड नंबर 4, तकिया अमीर शाह मोहल्ले में विकास के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। यहां सड़कों पर बहता नालियों का गंदा पानी और जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर नगर पंचायत प्रशासन की लापरवाही को उजागर कर रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने इस बदहाली के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मोहल्ले की मुख्य समस्या नालियों का अधूरा निर्माण और सड़कों पर गंदगी का अंबार है। नालियों का गंदा पानी सीधे सड़कों पर बह रहा है, जिससे आवागमन मुश्किल हो गया है। इसके अलावा, पाइपलाइन भी सड़कों पर खुले में पड़ी है, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय निवासी मोहम्मद इस्लाम ने बताया कि गंदगी और अधूरे निर्माण के कारण मोहल्ले का हाल बेहाल है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे बच्चे और लड़के बीमार हो रहे हैं। पिछले दो महीने से निर्माण कार्य शुरू हुआ था, लेकिन अभी तक पूरा नहीं हुआ है। इसी मोहल्ले के मोहम्मद तौफीक ने प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोग बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। उन्होंने बताया कि दो-तीन महीने से सड़क खुदी पड़ी है और निर्माण कार्य रुका हुआ है। बगल का रास्ता बंद होने से भारी परेशानी हो रही है। तौफीक ने आगे कहा कि यहां कभी साफ-सफाई नहीं होती और फोन करने पर भी कोई सुनवाई नहीं होती। बच्चे इसी गंदगी से होकर स्कूल जाने को मजबूर हैं और कई बार इसमें गिर भी चुके हैं। निवासियों ने सड़क और नाली का काम जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की है। निवासियों का आरोप है कि नगर पंचायत अध्यक्ष ने एक बार भी मोहल्ले का दौरा नहीं किया है ताकि वे जनता की समस्याओं को समझ सकें। महीनों से सड़कें खुदी पड़ी हैं, जिससे आवागमन ठप है और लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। नालियों की सफाई न होने से गंदा पानी सड़कों पर भर रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि शिकायतों के बाद भी दौरा नहीं कर रहे हैं। वार्ड नंबर 4 की यह स्थिति नगर पंचायत ऊंचाहार की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है। जहाँ एक ओर शहर को सुंदर बनाने की बातें होती हैं, वहीं दूसरी ओर घनी आबादी वाले इस मोहल्ले को कूड़ाघर और कीचड़ के हवाले कर दिया गया है। यदि समय रहते यहाँ सफाई और निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया, तो मोहल्ले के लोग उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।


https://ift.tt/mqwXoti

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *