SIR-2026 के तहत मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाए जाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार ने की। इस अवसर पर जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य एसआईआर अभियान के अंतर्गत चल रही प्रक्रियाओं की जानकारी साझा करना तथा निर्वाचन कार्य में पारदर्शिता एवं समन्वय सुनिश्चित करना रहा। बैठक के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने फार्म-06, 07, 08, 09, 10 एवं 11 के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए फार्म-06 भरना अनिवार्य है, ताकि कोई भी योग्य मतदाता अपने संवैधानिक मताधिकार से वंचित न रह जाए। उन्होंने फार्म-7 की प्रक्रिया को स्पष्ट करते हुए कहा कि यह फार्म केवल आपत्ति दर्ज कराने के लिए निर्धारित है। यदि मतदाता सूची में किसी अपात्र व्यक्ति का नाम दर्ज हो, किसी मृत व्यक्ति का नाम शामिल हो, कोई व्यक्ति भारत का नागरिक न हो या किसी अन्य स्थान पर उसका नाम दर्ज हो, तो ऐसी स्थिति में फार्म-7 के माध्यम से आपत्ति प्रस्तुत की जा सकती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फार्म-7 भरने का अधिकार केवल उसी विधानसभा क्षेत्र के उस मतदाता को है, जिसका नाम पहले से निर्वाचक नामावली में दर्ज हो। उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि फार्म-7 में आपत्ति दर्ज करते समय आपत्ति करने वाले व्यक्ति को अपना नाम, मतदाता पहचान पत्र का विवरण, जिस व्यक्ति के नाम पर आपत्ति की जा रही है उसका पूरा विवरण तथा आपत्ति का स्पष्ट कारण अंकित करना अनिवार्य है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि केवल फार्म-7 भर देने से किसी मतदाता का नाम नहीं कटता है। फार्म-7 प्राप्त होने के बाद संबंधित तथ्यों की गहन जांच की जाती है और प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर ही निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा अंतिम निर्णय लिया जाता है। उन्होंने कहा कि निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण नियम-2023 के अंतर्गत पूरी प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और नियमों के अनुरूप संपादित की जाती है, जिसमें मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त प्रावधान मौजूद हैं। बैठक में विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव रखे। इस अवसर पर भाजपा से शांतिस्वरूप महेश्वरी, सपा से राजीव शर्मा, बसपा से भगवती शरण पांचाल, कांग्रेस से कमल, सीपीआईएम से विनोद कुमार सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
https://ift.tt/4YWyCFN
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply