DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

उन्नाव में यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी पूरी:6 केंद्र संवेदनशील, 71 हजार से अधिक छात्र होंगे एग्जाम में शामिल

उन्नाव में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। नकलविहीन और शांतिपूर्ण परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिले में छह परीक्षा केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। इन केंद्रों पर परीक्षा अवधि के दौरान पुलिस का विशेष पहरा रहेगा। प्रशासन और शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। जिले में वर्ष 2026 की यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए कुल 122 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 10 राजकीय विद्यालय, 50 अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय और 62 वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं। बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी 2026 से शुरू होकर 12 मार्च 2026 तक चलेंगी। परीक्षा का आयोजन दो पालियों में किया जाएगा। इस वर्ष जिले में कुल 71,675 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनमें हाईस्कूल (कक्षा 10) के 39,508 छात्र-छात्राएं और इंटरमीडिएट (कक्षा 12) के 32,166 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, पेयजल, बिजली, फर्नीचर और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) सुनील दत्त ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रही। प्रारंभिक सूची जारी होने के बाद जनसामान्य और अभिभावकों की ओर से कुल 89 आपत्तियां प्राप्त हुई थीं। इन सभी आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण किया गया। इसके बाद 12 पुराने परीक्षा केंद्रों को हटाकर उनकी जगह 12 नए केंद्र जोड़े गए और अंतिम सूची उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद को भेज दी गई। डीआईओएस ने यह भी बताया कि जिले में इस बार कोई भी अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्र नहीं है। हालांकि, एहतियात के तौर पर छह परीक्षा केंद्रों को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इन केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और उड़नदस्तों की भी तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। जिले में जिन छह परीक्षा केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है, उनमें आरआरबीएनएस इंटर कॉलेज, गोरियाखुर्द, सुरसेनी; आरएस इंटर कॉलेज, बांगरमऊ; गंगासिंह परमहंस इंटर कॉलेज, माखी; कैलाश पटेल इंटर कॉलेज, ऊगू; बाबा जयराम दास इंटर कॉलेज, सरौंद, औरास; तथा जयकृष्णा इंटर कॉलेज, दुर्गागढ़ी टियर शामिल हैं। इन सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों, कक्ष निरीक्षकों और पुलिस की संयुक्त निगरानी में परीक्षाएं कराई जाएंगी।
प्रशासन का कहना है कि नकल रोकने के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 जैसी सख्ती लागू की जाएगी और अनावश्यक भीड़ जमा नहीं होने दी जाएगी। साथ ही परीक्षार्थियों से भी अपील की गई है कि वे समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचें और बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।


https://ift.tt/xmMjYnS

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *