उन्नाव के गंगाघाट थाना क्षेत्र के कल्लुपुरवा गांव में रविवार शाम नशे का विरोध करने पर एक युवक को गोली मार दी गई। घटना के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे परिजनों और पुलिस की सहायता से अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांव में इस वारदात के बाद दहशत का माहौल है। घायल युवक की पहचान कल्लुपुरवा निवासी 50 वर्षीय ओम प्रकाश पुत्र बुद्धि लाल के रूप में हुई है। ओम प्रकाश ने पुलिस को बताया कि वह अपने बेटे के साथ बहू को लेने जा रहे थे। गांव के चौराहे पर कुछ युवक गाड़ी खड़ी कर शराब के नशे में हंगामा कर रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया और उन्हें गाड़ी हटाने को कहा, तो नशे में धुत युवकों ने अचानक गोली चला दी। गोली ओम प्रकाश के चेहरे और दाहिने कंधे में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़े। ओम प्रकाश ने आरोप लगाया कि हमलावरों में श्रीराम का लड़का, बैजू का लड़का और एक अज्ञात युवक शामिल थे। उन्होंने बताया कि उनका हमलावरों से कोई पुराना विवाद या रंजिश नहीं थी। घायल के अनुसार, मौके पर मौजूद बुद्धि लाल परिवार के एक व्यक्ति ने हमलावरों को “मारो-मारो” कहकर उकसाया, जिसके बाद फायरिंग की गई। घटना की सूचना मिलते ही गंगाघाट पुलिस मौके पर पहुंची और घायल ओम प्रकाश को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि ओम प्रकाश के चेहरे और दाहिने कंधे में चोटें आई हैं। परिजनों ने गोली लगने की पुष्टि की है। घायल का इलाज जारी है और उसकी हालत पर डॉक्टरों की लगातार निगरानी रखी जा रही है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव में खुलेआम नशेबाजी और असामाजिक गतिविधियों के कारण ऐसी वारदातें बढ़ रही हैं। पीड़ित परिवार ने सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम हमलावरों की तलाश में जुट गई है।
https://ift.tt/p1IFlOK
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply