DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

उन्नाव में घना कोहरा, विजिबिलिटी 20 मीटर तक:सड़क और रेल यातायात प्रभावित, कक्षा 1-8 तक स्कूल 10 बजे से खुलेंगे

उन्नाव में गुरुवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। जिले भर में तड़के से ही घने कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता घटकर मात्र 20 मीटर रह गई। वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और वाहन धीमी गति से रेंगते हुए चलते दिखे। बुधवार की तुलना में गुरुवार का मौसम अधिक ठंडा रहा। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार सुबह जिले का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय लगभग 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलीं, जबकि आर्द्रता का स्तर 69 प्रतिशत तक पहुंच गया, जिससे ठंड और कोहरे का प्रभाव और बढ़ गया। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक घने कोहरे की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। घने कोहरे का सबसे अधिक असर नेशनल हाईवे 27 और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर देखा गया। इन मार्गों पर ट्रक, बस, कार और दोपहिया वाहन बेहद धीमी गति से चल रहे थे। कई स्थानों पर चालकों को आगे का रास्ता स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था, जिसके कारण उन्हें हेडलाइट और फॉग लाइट जलाकर सावधानीपूर्वक यात्रा करनी पड़ी। कोहरे के कारण कुछ जगहों पर हल्का जाम भी लगा रहा। रेल यातायात भी कोहरे से प्रभावित हुआ। घनी धुंध के चलते ट्रेनों की रफ्तार कम कर दी गई, जिससे कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी देरी से चलीं। ऊंचाहार एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस, गोरखधाम एक्सप्रेस, रायबरेली पैसेंजर और गोमती एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों के यात्रियों को घंटों प्लेटफॉर्म पर इंतजार करना पड़ा। ठंड और कोहरे के बीच यात्रियों को काफी असुविधा हुई। वही डीएम गौरांग राठी ने कक्षा 1-8 तक स्कूलों का समय बदला है जो कि सुबह 10 बजे से 3 बजे तक खुलेंगे। घने कोहरे और ठंड के कारण आम जनजीवन भी प्रभावित हुआ। सुबह के समय बाजारों और सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम रही। लोग केवल आवश्यक कार्य होने पर ही घरों से बाहर निकले। स्कूल जाने वाले बच्चों और दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों को भी कोहरे के कारण देरी का सामना करना पड़ा। सावधानी बरतने की अपील की गई है। अधिकारियों ने कहा है कि कोहरे के दौरान तेज रफ्तार से वाहन न चलाएं, सुरक्षित दूरी बनाए रखें और लाइट का प्रयोग अवश्य करें। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल ठंड और कोहरे से राहत मिलने की संभावना कम है और आने वाले दिनों में भी लोगों को इसी तरह की परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है।


https://ift.tt/MNthwmr

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *