उन्नाव में मंगलवार सुबह घने कोहरे ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। तड़के से ही छाए कोहरे के कारण दृश्यता सिमटकर करीब 20 मीटर रह गई। हालात ऐसे रहे कि दिन में भी वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक कोहरे का व्यापक असर देखने को मिला। कोहरे का सबसे ज्यादा असर नेशनल हाईवे-27 और आगरा–लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर नजर आया। दोनों मार्गों पर वाहन रेंगते रहे। तेज रफ्तार के लिए पहचाने जाने वाले एक्सप्रेस-वे पर भी चालक बेहद सावधानी से वाहन चलाते दिखे। सुरक्षित दूरी बनाए रखने के कारण यातायात की गति काफी धीमी हो गई। घने कोहरे के कारण गंगा पुल पर भी यातायात प्रभावित हुआ। यहां वाहनों की रफ्तार थम गई और लंबी कतारें लग गईं। वाहन चालकों को पुल पार करने में सामान्य से कहीं ज्यादा समय लगाना पड़ा। तापमान गिरा, ठंडी हवाओं से बढ़ी ठिठुरन मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को जिले का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 68 प्रतिशत आर्द्रता और ठंडी हवाओं ने ठिठुरन और बढ़ा दी। सुबह और शाम के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस हुआ, जिससे लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। रेल यातायात भी प्रभावित, ट्रेनें देरी से चलीं कोहरे का असर रेल यातायात पर भी साफ दिखाई दिया। जिले से गुजरने वाली कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चलीं। गोमती एक्सप्रेस, कानपुर–लखनऊ मेमू समेत अन्य यात्री ट्रेनों के विलंब से चलने के कारण यात्रियों को स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा। स्टेशन अधीक्षक मोहम्मद शकील ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए ट्रेनों की गति नियंत्रित रखी जा रही है। आम जनजीवन और किसान भी परेशान घने कोहरे और ठंड के चलते आम जनजीवन प्रभावित रहा। सुबह टहलने निकलने वालों की संख्या कम नजर आई। स्कूल जाने वाले बच्चों और कामकाजी लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में लोग अलाव जलाकर ठंड से बचते दिखे। ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों की ओर जाने वाले किसानों को भी कोहरे के कारण परेशानियां झेलनी पड़ीं। प्रशासन की अपील, सतर्कता बरतें प्रशासन और यातायात विभाग ने कोहरे के दौरान वाहन चालकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। हाईवे और एक्सप्रेस-वे पर चलने वाले वाहनों से धीमी गति, फॉग लाइट और इंडिकेटर के इस्तेमाल की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कोहरा और ठंड बने रहने की संभावना जताई है।
https://ift.tt/VBpeyM6
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply