उन्नाव में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और सोनिया गांधी के खिलाफ कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले को फर्जी बताते हुए प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय से भाजपा जिला कार्यालय की ओर मार्च कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें रोक लिया। स्थिति बिगड़ने पर कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिना अनुमति के प्रदर्शन और मार्च निकालने का प्रयास किया, जिससे कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका थी। इसी के मद्देनजर, पुलिस ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। प्रदर्शनकारी “लोकतंत्र बचाओ” और “ईडी का दुरुपयोग बंद करो” जैसे नारे लगा रहे थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर बसों में भरकर पुलिस लाइन भेज दिया। देखें 4 तस्वीरें… हिरासत में लिए जाने से पहले, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी पर लगाया गया मनी लॉन्ड्रिंग का मामला पूरी तरह से फर्जी है। कुशवाहा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज दबा रही है। सुरेंद्र कुशवाहा ने कहा, “जब भी भाजपा सरकार मुश्किल में होती है, वह ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों का सहारा लेकर कांग्रेस नेताओं को बदनाम करने का प्रयास करती है।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रशासन ने कांग्रेस को लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन करने का अवसर नहीं दिया, और सरकार शांतिपूर्ण प्रदर्शनों को कुचलने की कोशिश कर रही है।
https://ift.tt/oaJS9rV
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply