उन्नाव पुलिस के लिए वर्ष 2025 कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण रहा। पूरे वर्ष चलाए गए विशेष अभियानों, सतत निगरानी और प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप अपराधियों पर शिकंजा कसा गया और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई। पुलिस की सक्रियता से अपराधों पर नियंत्रण के साथ जनता का भरोसा भी बढ़ा। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 1 जनवरी 2025 से 28 दिसंबर 2025 के बीच निरोधात्मक कार्रवाई के तहत गैंगस्टर एक्ट में 38 मामले दर्ज किए गए। इनमें कुल 145 अभियुक्तों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। आबकारी अधिनियम के तहत अवैध शराब के खिलाफ अभियान में 426 मामले दर्ज कर 454 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस अवधि में 6863 लीटर अवैध शराब बरामद कर नष्ट की गई, जिससे शराब माफिया को बड़ा नुकसान हुआ। अवैध शस्त्रों के खिलाफ भी पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया। शस्त्र अधिनियम के अंतर्गत 96 मामलों में 98 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। एनडीपीएस एक्ट के तहत 37 मामले दर्ज कर 59 आरोपियों को जेल भेजा गया। इस दौरान भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए गए, जिससे नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगी। गंभीर अपराधों के मामलों में भी उन्नाव पुलिस की कार्रवाई उल्लेखनीय रही। वर्ष 2025 में हत्या के 83, हत्या के प्रयास के 120, लूट के 39, डकैती के 6, चोरी के 202 और नकबजनी के 72 मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई। अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए पुलिस ने 36 मुठभेड़ों में 48 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया। यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए भी पुलिस ने सख्त कदम उठाए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 67,919 वाहनों का चालान किया गया, जिससे लगभग 65 लाख रुपये से अधिक का शमन शुल्क वसूला गया। इसके साथ ही 631 वाहनों को सीज कर सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त संदेश दिया गया। संपत्ति संबंधी अपराधों के मामलों में पुलिस ने 207 मामलों का सफल अनावरण किया और 390 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इन मामलों में करीब 1 करोड़ 69 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई।
https://ift.tt/3lVLvFd
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply