उन्नाव के पीडी नगर स्थित अटल उपवन में एक विराट कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह आयोजन साहित्य प्रेमियों के लिए यादगार रहा, जिसमें शाम ढलते ही कविताओं, गीतों और ओजपूर्ण रचनाओं ने देर रात तक श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। बड़ी संख्या में नगरवासी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्वेता मिश्रा ने उपस्थित कवियों के साथ मिलकर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि साहित्य समाज को सही दिशा प्रदान करता है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को सांस्कृतिक चेतना के विकास और युवा पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने का माध्यम बताया। श्वेता मिश्रा ने नगर पालिका की ओर से भविष्य में भी ऐसे साहित्यिक और सांस्कृतिक आयोजनों को प्रोत्साहन देने का आश्वासन दिया। कवि सम्मेलन की शुरुआत कवयित्री सोनरूपा विशाल की सरस्वती वंदना से हुई, जिसने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद कवि अनुभव अज्ञानी ने अपनी हास्य कविताओं से श्रोताओं को खूब हंसाया। उनकी रचनाओं पर पांडाल में ठहाकों की गूंज सुनाई दी और दर्शकों ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया। युवा कवि शरद मिश्रा और राहुल विनम्र ने अपने भावपूर्ण गीतों और ओजस्वी काव्य पाठ से श्रोताओं का मन मोह लिया। उनकी रचनाओं में सामाजिक सरोकार, राष्ट्रप्रेम और युवा ऊर्जा की स्पष्ट झलक देखने को मिली, जिसकी दर्शकों ने विशेष सराहना की। कार्यक्रम में सबसे अधिक उत्साह तब देखने को मिला, जब प्रसिद्ध कवि राम भदावर ने काव्य पाठ किया।
उनकी ओजपूर्ण रचनाओं के दौरान पूरा पांडाल “जय श्रीराम” के नारों से गूंज उठा और माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया। श्रोताओं ने खड़े होकर तालियां बजाकर कवि का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन अनिरुद्ध सौरभ ने प्रभावी ढंग से किया। इस अवसर पर एमएलसी रामचंद्र सिंह प्रधान, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश कटियार सहित अनेक सम्मानित सभासद और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
https://ift.tt/pRnGSQz
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply