उन्नाव पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में रिजर्व पुलिस लाइन में ग्राम प्रहरियों (ग्राम चौकीदारों) के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्राम स्तर पर कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने और प्रहरियों की भूमिका को प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई। गोष्ठी में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्राम प्रहरी शामिल हुए। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर दीपक यादव और क्षेत्राधिकारी बांगरमऊ संतोष कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्राम प्रहरियों को उनके कर्तव्यों और दायित्वों के बारे में विस्तार से बताया। पुलिस अधीक्षक ने ग्राम प्रहरियों को पुलिस व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी बताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर पर शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उनकी भूमिका अत्यंत अहम है। एसपी ने प्रहरियों से अनुशासन, ईमानदारी और सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया। अधिकारियों ने ग्राम प्रहरियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या घटना की सूचना तत्काल संबंधित थाना पुलिस को देने के निर्देश दिए। उन्होंने जोर दिया कि छोटी-छोटी सूचनाएं भी कई बार बड़े अपराधों को रोकने में सहायक सिद्ध होती हैं, इसलिए सूचना तंत्र को मजबूत करना आवश्यक है। ग्राम प्रहरियों को रात्रि गश्त को गंभीरता से लेने, गांव में बाहरी व्यक्तियों की आवाजाही पर नजर रखने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए गए। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। गोष्ठी के दौरान ग्राम प्रहरियों की समस्याओं को भी सुना गया और उनके समाधान का आश्वासन दिया गया। गोष्ठी के उपरांत ग्राम प्रहरियों को कार्य सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से कुल 81 नई साइकिलें, कंबल और सीटी वितरित की गईं। अधिकारियों ने बताया कि यह सामग्री ग्राम प्रहरियों को अपने क्षेत्रों में गश्त, निगरानी और सूचना संकलन के कार्य को सुचारु रूप से संपादित करने में सहायक होगी। ग्राम प्रहरियों ने इस पहल के लिए पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
https://ift.tt/jqN2DtH
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply