औरैया के सहायल थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक ई-रिक्शा चालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव सौथरा सहायल मार्ग पर पूर्वा बक्सा गांव के सामने सड़क किनारे पड़ा मिला, जबकि ई-रिक्शा भी पास ही खड़ा था। मृतक की पीठ में गोली लगने का निशान पाया गया है। गुरुवार सुबह राहगीरों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। सहायल थानाध्यक्ष विनोद कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। उन्होंने उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराया। पुलिस ने मृतक की पहचान फतेहपुर थाना सहार, औरैया निवासी 30 वर्षीय पिंटू राजपूत पुत्र देवेंद्र सिंह के रूप में की। पुलिस ने घटना की सूचना पिंटू के परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे और हत्या का आरोप लगाते हुए दिबियापुर-बेला मार्ग पर सौथरा अड्डा मोड़ पर शव रखकर जाम लगा दिया। उन्होंने तत्काल कार्रवाई की मांग की। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा, सीओ बिधूना पुनीत मिश्रा, सीओ सिटी अशोक कुमार सहित कई थानों के थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को करीब एक घंटे तक समझाया, जिसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक पिंटू राजपूत अपने तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसके तीन बच्चे हैं, जिनमें दो लड़के और एक लड़की शामिल हैं। छह साल पहले उसकी शादी जालौन के शंकरपुर निवासी रूबी से हुई थी। पिंटू अपना ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना के बाद से परिवार में मातम और क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
https://ift.tt/ECuVeQD
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply