इटावा में कलेक्ट्रेट परिसर से एक बाइक चोरी होने का मामला सामने आया है। समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद के कर्मचारी संदीप कुमार की मोटरसाइकिल को अज्ञात चोर डीएम और एसएसपी कार्यालय के पास से चुरा ले गए। संदीप कुमार अपने निजी काम से कचहरी आए थे। दोपहर करीब 12 बजे जब संदीप कुमार अपना काम निपटाकर वापस लौटे, तो उन्हें अपनी बाइक मौके से गायब मिली। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने तलाश शुरू की, लेकिन बाइक का कोई पता नहीं चल सका। पीड़ित ने इस संबंध में थाने में लिखित तहरीर दी है। संदीप कुमार ने बताया कि वह सपा सांसद के कर्मचारी हैं और अपने एक रिश्तेदार की तारीख के सिलसिले में कचहरी आए थे। उन्होंने अपनी बाइक डीएम कार्यालय के ठीक सामने लॉक कर खड़ी की थी और कोर्ट की तरफ चले गए थे। बाइक चोरी की सूचना मिलते ही संदीप कुमार ने 112 पर कॉल कर पुलिस को जानकारी दी। सिविल लाइंस थाना पुलिस, होमगार्ड और अन्य पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। कलेक्ट्रेट परिसर के अंदर और आसपास काफी देर तक बाइक की तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस घटना ने कलेक्ट्रेट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित का कहना है कि जहां हर समय पुलिस और सुरक्षाकर्मी मौजूद रहते हैं, वहीं डीएम और एसएसपी कार्यालय के पास से बाइक चोरी होना चिंताजनक है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
https://ift.tt/GfnBVAM
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply