इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम एक सड़क हादसे में इंटर के छात्र सूर्य प्रताप उर्फ निखिल (18) की मौत हो गई। वह हिंदी की परीक्षा देकर बाइक से घर लौट रहा था, तभी तेज रफ्तार पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल छात्र ने सैफई स्थित आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय में इलाज के दौरान गुरुवार सुबह दम तोड़ दिया। शहर की एकता कॉलोनी निवासी सूर्य प्रताप उर्फ निखिल सुमन विद्यापीठ इंटर कॉलेज में 12वीं कक्षा का छात्र था। बुधवार को वह यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा देने चम्पानेर स्थित लाला राम इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर गया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद देर शाम वह बाइक से वापस लौट रहा था। इटावा-फर्रुखाबाद मार्ग पर फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के दतावली नहर के आगे फौजी ढाबा के पास इटावा की तरफ से बसरेहर जा रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने ऑटो को ओवरटेक करते हुए सामने से उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सूर्य प्रताप पिकअप की बोनट पर जा टकराकर सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर, कंधे और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस और परिजनों ने गंभीर घायल सूर्य प्रताप को उपचार के लिए सैफई पहुंचाया। गुरुवार सुबह करीब 5 बजे इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मृतक के पिता सुरजीत सिंह निजी बस पर नौकरी करते हैं। बेटे की मौत की खबर से मां अर्चना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। सूर्य प्रताप दो भाइयों में बड़ा था। थानाध्यक्ष अमित मिश्रा ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल छात्र की इलाज के दौरान मौत हुई है। पुलिस टक्कर मारने वाली पिकअप की तलाश कर रही है।
https://ift.tt/4VtYlpR
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply