DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

आगरा में रेलवे ट्रैक पर गिरा पेड़, रोकी गईं ट्रेन:नियम तोड़कर काम करने वाले ठेकेदार, सुपरवाइजर और चालक पर FIR

आगरा फोर्ट–बांदीकुई रेलवे लाइन के दोहरीकरण कार्य के दौरान सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। बिचपुरी इलाके में काम कर रही एक निजी कंपनी के ट्रक की टक्कर से सूखा पेड़ रेलवे ट्रैक पर गिर गया। पेड़ गिरते ही एहतियातन ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कुछ ही देर में पेड़ हटवाया, जिससे रेल संचालन फिर सामान्य हो सका। रेलवे लाइन पर काम कर रही कंपनी के ट्रक से हुई इस घटना की जानकारी ठेकेदार ने तुरंत रेलवे अधिकारियों को दी। कंट्रोल ऑफिस के निर्देश पर आने वाली ट्रेनों को रोक दिया गया था। हालांकि समय रहते कार्रवाई होने से कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। इस मामले में थाना जगदीशपुरा में रेलवे अधिकारी संजीव कुमार की ओर से कंपनी के ठेकेदार सहित तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया कि आगरा फोर्ट–बांदीकुई रेलवे लाइन पर दोहरीकरण का कार्य चल रहा है। इसके लिए गिरिराज जी क्रिएटिव (जीवी), 40 जी सिद्धार्थ एन्क्लेव, मथुरा रोड को ठेका दिया गया है। कंपनी के एलओपी सुनील अग्रवाल हैं, जबकि अधिकृत प्रतिनिधि सौरभ अग्रवाल हैं। घटना 4 फरवरी की है। सुबह करीब 6:35 बजे ईदगाह–बिचपुरी रेलवे लाइन के बीच किलोमीटर संख्या 07/14–15 पर कंपनी का ट्रक बैलास्ट लेकर पहुंचा था। नियमों के अनुसार सूर्योदय से पहले काम नहीं होना था, इसके बावजूद ट्रक साइट पर आ गया। चालक ट्रक को बैक कर रहा था, तभी वह एक सूखे पेड़ से टकरा गया। टक्कर के बाद पेड़ रेलवे लाइन पर गिर गया। घटना की सूचना एजेंसी सुपरवाइजर पवन कुमार ने रेलवे अधिकारी योगेंद्र कुमार को दी। इसके बाद कंट्रोल ऑफिस ने तुरंत ट्रेनों को रोकने के निर्देश दिए। कुछ ही समय में पेड़ को हटा दिया गया, जिससे रेल यातायात बहाल हो गया। प्राथमिक जांच में कंपनी की लापरवाही सामने आई है। एफआईआर में कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि सौरभ अग्रवाल, सुपरवाइजर पवन कुमार और ट्रक चालक दयाशंकर को नामजद किया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।


https://ift.tt/iWGN9oE

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *