देशभर के साथ-साथ आगरा में भी क्रिसमस का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शहर के सबसे प्रसिद्ध सेंट पीटर्स चर्च, जिसे कैथोलिक चर्च ऑफ इमैक्युलेट कंसेप्शन के नाम से भी जाना जाता है, में क्रिसमस सेलिब्रेशन के लिए विशेष आयोजन किए गए। सुबह चर्च के फादर्स द्वारा रिबन काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। इसके बाद आमजन के लिए चर्च के द्वार खोल दिए गए। दिनभर यहां मेले का आयोजन रहा, जिसमें बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। शाम के समय चर्च में की गई है आकर्षक लाइटिंग देखने के लिए भी लोगों की भीड़ उमड़ेगी। चर्च प्रबंधन से जुड़े फादर ने बताया कि बीती रात यीशु मसीह के जन्म के उपलक्ष्य में मिडनाइट प्रेयर का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में ईसाई समुदाय के लोग मौजूद रहे। सोमवार सुबह से ही आमजन का चर्च में आना शुरू हो गया। लोग अपने परिवार और दोस्तों के साथ सेल्फी लेते और क्रिसमस की खुशियां मनाते नजर आए। पूरे चर्च को बेहद सुंदर तरीके से सजाया गया है। क्रिसमस की झांकियां भी लगाई गई हैं, जो श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित कर रही हैं। चर्च में पहुंचे लोगों ने बताया कि यहां बेहद सकारात्मक माहौल है और यीशु मसीह के जन्मदिन के कारण यह ऊर्जा और भी खास महसूस हो रही है। मुंबई से अपनी फैमिली के साथ क्रिसमस मनाने आई एक महिला ने बताया कि आगरा के सेंट पीटर्स चर्च में बहुत ही खुशहाल और पॉजिटिव वाइब्स हैं, जो इस त्योहार को और यादगार बना देती हैं। वहीं, सेंट पीटर्स चर्च के बाहर और आसपास भी मेले का आयोजन किया गया है। मेले में बच्चों के लिए झूले, खिलौनों की दुकानें और फूड स्टॉल लगाए गए हैं, जहां लोग क्रिसमस का आनंद लेते नजर आए। क्रिसमस क्यों मनाया जाता है क्रिसमस ईसाई धर्म का प्रमुख त्योहार है, जो हर साल 25 दिसंबर को यीशु मसीह के जन्म की याद में मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यीशु मसीह का जन्म बेथलहम में हुआ था और उन्होंने मानवता को प्रेम, शांति, करुणा और भाईचारे का संदेश दिया। इस दिन चर्चों में विशेष प्रार्थनाएं और मिडनाइट मास का आयोजन किया जाता है। लोग एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हैं और जरूरतमंदों की मदद करते हैं। क्रिसमस केवल धार्मिक पर्व नहीं है, बल्कि यह सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जाता है। यह त्योहार सभी धर्मों के लोगों को जोड़ता है और समाज में सौहार्द, सकारात्मक सोच और आपसी प्रेम को बढ़ावा देने का संदेश देता है।
https://ift.tt/sPukCGr
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply