शाहजहांपुर में अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस पर ‘जनपद रत्न अलंकरण समारोह’ आयोजित किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सुरक्षा विशेषज्ञ आईपीएस शिव मुरारी सहाय को ‘जनपद रत्न’ से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने तिलहर में जन्मे आईपीएस शिव मुरारी सहाय को शॉल ओढ़ाकर और स्मृतिचिह्न भेंट कर ‘जनपद रत्न’ से सम्मानित किया। यह सम्मान उन विशिष्ट व्यक्तियों को दिया जाता है, जिन्होंने अपने कार्यों और उपलब्धियों से जनपद की प्रतिष्ठा को देश-विदेश में स्थापित किया है। यह परंपरा वर्ष 1997 से जारी है और यह 29वां ‘जनपद रत्न अलंकरण समारोह’ था। आईपीएस शिव मुरारी सहाय ने इस अवसर पर कहा कि उन्हें अपने जीवन में कई सम्मान मिले हैं, लेकिन अपने गृह जनपद में मिला यह सम्मान उनके लिए बेहद भावनात्मक और विशेष है। उन्होंने इस खुशी को अमूल्य बताया। सहाय ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए और वित्त मंत्री द्वारा जनपद में कराए गए विकास कार्यों की सराहना करते हुए सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। आईपीएस शिव मुरारी सहाय ने लखनऊ विश्वविद्यालय से बी.ए. और एम.ए. की शिक्षा प्राप्त की। वर्ष 1987 में उनका चयन भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में हुआ और उन्हें जम्मू-कश्मीर कैडर आवंटित किया गया। अपने सेवाकाल के दौरान, वर्ष 1993 में कश्मीर पुलिस आंदोलन के समय कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उनके विशिष्ट योगदान के लिए राज्य सरकार ने उन्हें प्रशस्ति पत्र दिया था। उन्हें विशिष्ट सेवा, वीरता और सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से भी सम्मानित किया जा चुका है। जम्मू-कश्मीर पुलिस महानिदेशक और सीआरपीएफ के महानिदेशक द्वारा भी उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस के अवसर पर प्रतिवर्ष इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। मंत्री ने बताया कि जनपद रत्न अलंकरण की शुरुआत वर्ष 1997 में की गई थी। आज यह 29वां आयोजन है। उन्होंने जनपद रत्न से सम्मानित आईपीएस शिव मुरारी सहाय की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए जनपद में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की जानकारी भी साझा की।
https://ift.tt/cJ9ePnC
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply