DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

आईपीएस चारू निगम ने संभाला सुल्तानपुर का कार्यभार:पहली बार तब चर्चा में आईं जब गोरखपुर में बीजेपी विधायक से हुई थी तीखी बहस

सुल्तानपुर में नवागत पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में अपना कार्यभार ग्रहण किया। बुधवार रात शासन द्वारा जारी आईपीएस तबादलों में उन्हें गाजियाबाद पीएसी से सुल्तानपुर भेजा गया है। इससे पहले यहां एसपी रहे कुंवर अनुपम सिंह का स्थानांतरण जौनपुर कर दिया गया है। आईपीएस चारू निगम पहली बार 2017 में गोरखपुर में बतौर एएसपी तैनात रहते हुए चर्चा में आई थीं। उस समय शराब की एक दुकान बंद कराने को लेकर उनकी तत्कालीन बीजेपी विधायक डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल से तीखी बहस हुई थी। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें विधायक चारू निगम को डांटते हुए दिख रहे थे। इस मामले को लेकर विधायक को काफी आलोचना का सामना करना पड़ा था, जबकि आम जनता ने चारू निगम का समर्थन किया था। गोरखपुर में एक अन्य घटना ने भी चारू निगम को लोगों के बीच लोकप्रिय बना दिया था। मझगांवा गांव की आरती को मेडिकल कॉलेज के गायनी विभाग में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने एक बच्चे को जन्म दिया। आरती की तीमारदारी के लिए उनकी ननद सुमन अपने आठ महीने के बेटे राजीव के साथ आई थीं। अगली सुबह बच्चा राजीव मेडिकल कॉलेज से गायब हो गया। एएसपी चारू निगम के नेतृत्व में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 36 घंटे के भीतर बच्चे राजीव को खोज निकाला और उसे चुराने वाली महिला तबस्सुम को भी गिरफ्तार कर लिया था। चारू निगम मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा जिले की निवासी हैं। उनका परिवार पहले आगरा में रहता था, लेकिन उनके पिता एमएस निगम को दिल्ली डेवलपमेंट अथॉरिटी (DDA) में नौकरी मिलने के बाद पूरा परिवार दिल्ली स्थानांतरित हो गया। इसी कारण चारू की प्रारंभिक शिक्षा दिल्ली में हुई। उन्होंने गणित और कंप्यूटिंग में बीटेक की डिग्री प्राप्त की है। बीटेक की पढ़ाई पूरी करने के बाद चारू ने नौकरी करने के बजाय सिविल सेवा में जाने का फैसला किया। उनके पिता भी चाहते थे कि वह आईएएस या आईपीएस अधिकारी बनें और उन्होंने अपनी बेटी को इसमें पूरा सहयोग दिया। उन्होंने वर्ष 2010 में यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा दी थी, हालांकि उनका अंतिम चयन 2013 में हुआ।


https://ift.tt/qtr7kUV

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *