बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर रूस्तमपुर गांव में 40 वर्षीय एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान रीता शर्मा के रूप में हुई है, जिनका विवाह करीब 19 वर्ष पूर्व राहुल शर्मा से हुआ था। दंपति का एक पुत्र लक्की है, जो वर्तमान में मेरठ में अपने दादा के पास रहकर स्नातक की पढ़ाई कर रहा है। सोमवार रात राहुल शर्मा किसी काम से बाहर जाने की बात कहकर घर से निकले थे, जबकि रीता घर पर अकेली थीं। मंगलवार सुबह जब राहुल घर लौटे, तो उन्होंने कमरे में रीता का गर्दन कटा शव और बिखरा सामान देखा। यह देखकर उनके होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसपी, एएसपी, सीओ और थाना प्रभारी निरीक्षक फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में लूट या चोरी का विरोध करने पर हत्या की आशंका जताई गई थी, लेकिन घटनास्थल की स्थिति संदिग्ध प्रतीत हुई। इसके बाद पुलिस ने हर पहलू से जांच शुरू कर दी। इसी बीच, मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने लूट या चोरी की कहानी को झूठा बताया। परिजनों ने रीता की हत्या का आरोप पति राहुल शर्मा, सास गायत्री शर्मा, ससुर विनोद शर्मा और गांव की निवासी एक महिला पर लगाया। उनका आरोप है कि राहुल शर्मा के महिला से अवैध संबंध थे, जिसको लेकर रीता के साथ अक्सर मारपीट होती थी। इसी वजह से उसकी हत्या की गई। एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर पर सभी चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पति राहुल शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
https://ift.tt/oU5vXY8
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply