अलीगढ़ में गुरुवार शाम खेत बेचने से मना करने पर शराब के नशे में एक युवक ने अपनी पत्नी को गोली मार दी। गोली महिला के जबड़े में फंस गई, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। ग्रामीणों ने महिला को पहले जेवर और फिर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह मामला पिसावा क्षेत्र के प्रेमपुर गांव का है। विस्तार से पढ़िए पूरी मामला… एक साल पहले भी 8 लाख रुपए में बेचा था खेत
गांव प्रेमपुर निवासी दिनेश शर्मा, पुत्र राम सरन, के पास करीब सवा छह बीघा खेत था। उसने पिछले साल लगभग आधी जमीन करीब आठ लाख रुपए में बेच दी थी। अब वह बची हुई सवा तीन बीघा जमीन भी बेचना चाहता था, लेकिन उसकी पत्नी यशोदा देवी उर्फ विनीता (35) बच्चों के भविष्य और परिवार के गुजर-बसर को लेकर जमीन बेचने के सख्त खिलाफ थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कई दिनों से विवाद चल रहा था। खेत से लकड़ियां लाने के बहाने ले गया
गुरुवार को एक बार फिर पति-पत्नी के बीच कहासुनी के बाद मामला हिंसा तक पहुंच गया। दिनेश नामक आरोपी ने घर से निकलने के बाद शराब पी, फिर शाम करीब पांच बजे पत्नी को खेत से लकड़ियां लाने का बहाना देकर मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। महिला अपने 10 वर्षीय बेटे और 8 वर्षीय बेटी को घर पर छोड़कर पति के साथ खेत चली गई। खेत पहुंचते ही आरोपी ने अचानक तमंचा निकालकर पत्नी की कनपटी पर गोली चला दी। गोली गाल को चीरते हुए जबड़े में फंस गई और महिला वहीं गिर पड़ी। आरोपी दूसरा फायर करने ही वाला था कि आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण गोली की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के आते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। घेराबंदी कर पुलिस ने आरोपी को दबोचा
ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को अस्पताल भेजा। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए। थाना प्रभारी रेखा गोस्वामी ने बताया कि महिला को खेत बेचने के विरोध के कारण गोली मारी गई है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मुकदमा दर्ज किया जा रहा है
सीओ खैर वरुण सिंह ने बताया कि महिला का इलाज नोएडा के निजी अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत गंभीर है। पुलिस ने आरोपी पति दिनेश को हिरासत में ले लिया है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और पूछताछ जारी है।
https://ift.tt/ZDixFwY
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply