अलीगढ़ के सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित मीनाक्षी पुल पर चीनी मांझे की चपेट में आकर स्कूटी सवार पांच वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और प्रतिबंधित चीनी मांझा बेचने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। क्वार्सी थाना क्षेत्र के गांव चिलकौरा निवासी इनाया सैनी (5) पुत्री कन्हैया अपने पड़ोसी दीपक के साथ शनिवार शाम को स्कूटी से जा रही थी। बच्ची स्कूटी के आगे खड़ी थी। जैसे ही वे मीनाक्षी पुल पर पहुंचे, अचानक हवा में उड़ता हुआ चीनी मांझा बच्ची के चेहरे से टकरा गया। मांझे की धार इतनी तेज थी कि उसके दोनों गाल कट गए और खून बहने लगा। दर्द से कराहती बच्ची को देख राहगीरों की भीड़ जुट गई। आनन-फानन उसे क्वार्सी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। इलाज के बाद बच्ची को घर भेज दिया गया। दो थानों की पुलिस ने तलाशे चीनी मांझे बेचने वाले घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइंस थाना और क्वार्सी थाना पुलिस ने क्षेत्र में अभियान चलाकर चीनी मांझा बेचने वालों की तलाश शुरू की। चेकिंग के दौरान रविवार को दोदपुर इलाके में एक विक्रेता कपिल गुप्ता निवासी मालीपाड़ा, नेहरू कुंज (थाना सासनीगेट) को एक बंडल प्रतिबंधित चीनी मांझे के साथ पकड़ा गया। आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइंस में मुकदमा दर्ज किया गया। यहां से न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया है। जारी रहेगा अभियान सीओ तृतीय सर्वम सिंह ने बताया कि चीनी मांझा पूरी तरह प्रतिबंधित है और इसके इस्तेमाल व बिक्री पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। भविष्य में भी ऐसे लोगों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। प्रतिबंधित मांझे की तुरंत दें सूचना गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आदित्य कौशिक और हेड कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि पतंग उड़ाते समय सुरक्षित मांझे का प्रयोग करें और कहीं भी प्रतिबंधित चीनी मांझा बिकता दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
https://ift.tt/DftqTdQ
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply