DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

अयोध्या में 4 दिन बाद धूप निकली:सुबह हल्का कोहरा रहा, ठंड में शाम की सरयू आरती का समय बदला

अयोध्या में चार दिन बाद आज सोमवार सुबह धूप निकली। हालांकि, सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले दिनों न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जिससे ठंड बढ़ गई थी। लेकिन, दो दिनों से मौसम में खास परिवर्तन देखा जा रहा है। लोगों को ठंड से राहत मिली है। कड़ाके की ठंड और कोहरे के बीच भी श्रद्धालुओं का आवागमन लगातार जारी है। श्रद्धालु सरयू में स्नान कर नागेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक कर रहे हैं। वहीं राम मंदिर, कनक भवन और हनुमानगढ़ी में भी दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंच रहे हैं। सरयू आरती के मुख्य पुजारी योगेंद्र प्रसाद पांडे ने बताया कि ठंड को देखते हुए सरयू आरती का समय बदल दिया गया है। अब आरती शाम 7 बजे की बजाय 6 बजे की जा रही है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भले ही कड़ाके की ठंड पड़ रही हो, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह मौसम पर भारी पड़ रहा है। अधिकतम पारा 25 डिग्री रहा
आचार्य नरेंद्र देव कृषि और प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज के मौसम वैज्ञानिक डॉ. सीताराम मिश्रा ने मौसम वेधशाला से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर जानकारी दी। उनके अनुसार, वर्तमान में अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस पर सामान्य बना हुआ है। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 86 प्रतिशत और न्यूनतम 51 प्रतिशत दर्ज की गई है। हवा की गति 0.9 किलोमीटर प्रति घंटा है और इसकी दिशा उत्तरी-पश्चिमी है। पिछले दो दिनों से बादलों की आवाजाही भी देखी जा रही है, जिससे न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी 24 घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हवा सामान्य गति से मुख्यतः पश्चिमी दिशा में चलेगी और औसत तापमान सामान्य के आसपास रहने का अनुमान है।


https://ift.tt/uqE6Nt9

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *