DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

अयोध्या में पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम:5.2 मिमी बारिश दर्ज, न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस

अयोध्या में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बड़ा बदलाव आया है। मंगलवार सुबह तेज आंधी के साथ हुई बारिश और उसके बाद घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित किया। इस दौरान अयोध्या में 5.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बारिश से किसानों की फसलों पर मिश्रित प्रभाव पड़ा है। जहां दलहनी और गेहूं जैसी फसलों को नमी मिलने से लाभ हुआ है, वहीं सरसों की फसल में फूल आने वाले किसानों को नुकसान की आशंका है। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर सरसों की फसल गिर भी गई। कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार, यह बारिश दलहनी फसलों के लिए विशेष रूप से फायदेमंद है क्योंकि उन्हें कम पानी की आवश्यकता होती है। गेहूं की फसल को भी इससे लाभ मिलेगा और खेतों में पर्याप्त नमी होने से किसान अब कीटनाशकों का छिड़काव आसानी से कर सकेंगे। डॉ. रवि प्रकाश मौर्य ने बताया कि सरसों, मटर, चना, अरहर, मसूर और गेहूं सहित अन्य फसलों के लिए यह बारिश लाभकारी है। हालांकि, वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि यदि आगे और तेज बारिश होती है, तो दलहनी और तिलहनी फसलों को भारी नुकसान हो सकता है। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज की मौसम वेधशाला से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को अधिकतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 5.0 डिग्री कम) और न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक) दर्ज किया गया। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 86 प्रतिशत और न्यूनतम 69 प्रतिशत रही। हवा की गति 1.8 किलोमीटर प्रति घंटा और दिशा दक्षिणी-पश्चिमी थी। मौसम वैज्ञानिक डॉ. सीताराम मिश्रा के पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी 24 घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश में सुबह के समय हल्का कोहरा या हल्के से मध्यम बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है और हवा सामान्य गति से पश्चिमी दिशा में चलने का अनुमान है।


https://ift.tt/jLzqH8x

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *