अयोध्या में लोगों को अब ठंड से राहत मिलनी शुरू हो गई है। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज के मौसम वैज्ञानिक डॉ. सीताराम मिश्रा के अनुसार, 12 फरवरी तक मौसम में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है। दिन में धूप खिली रहेगी और दिन व रात का तापमान सामान्य के आसपास रहने की उम्मीद है। मौसम वैज्ञानिक ने सुबह और शाम के समय बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। उन्होंने किसानों को भी रात में फसल की रखवाली करते समय सतर्क रहने को कहा है। दिन में गर्मी और रात में ठंड के कारण स्वास्थ्य बिगड़ने का खतरा बढ़ सकता है। वर्तमान में 4.5 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दक्षिणी-पश्चिमी हवा चल रही है। कृषि विश्वविद्यालय की मौसम वेधशाला से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, अधिकतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 1.3 डिग्री कम) और न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 1.0 डिग्री अधिक) दर्ज किया गया है। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 88 प्रतिशत और न्यूनतम 62 प्रतिशत रही, जबकि वर्षा 0.0 मिलीमीटर दर्ज की गई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी 24 घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हवा सामान्य से तेज गति से पश्चिमी दिशा में चलेगी और औसत तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा।
https://ift.tt/TAjcX2f
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply