अयोध्या के खण्डासा थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक पर अपनी ही साली का अपहरण करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना को एक सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस अब तक अपहृत युवती को बरामद नहीं कर सकी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 29 जनवरी की है। अपहृत युवती के पिता ने खण्डासा थाने में दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उस दिन वह किसी काम से अमानीगंज गए हुए थे। इसी दौरान दोपहर करीब 2 बजे, हरखपुर, चंदौरा गांव निवासी एक युवक उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ लेकर फरार हो गया। पीड़ित पिता ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपी युवक उनकी बेटी का जीजा है, जिससे परिवार में पहले से पहचान थी। इसी भरोसे का फायदा उठाकर वह युवती को अपने साथ ले गया। पिता ने आशंका जताई है कि आरोपी उनकी बेटी के साथ किसी भी प्रकार की अनहोनी कर सकता है। साथ ही, उन्होंने यह भी बताया कि घटना के समय आरोपी के साथ उसकी बड़ी बहन की बेटी भी मौजूद थी, जिसके साथ भी गलत व्यवहार की आशंका जताई गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए खण्डासा पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी और अपहृत युवती की बरामदगी के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया है। प्रभारी निरीक्षक सोनकर ने कहा,“मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है, लेकिन घटना के एक सप्ताह बाद भी युवती का कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। जांच जारी है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। इधर, घटना के बाद से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन पुलिस से जल्द से जल्द युवती की सकुशल बरामदगी की मांग कर रहे हैं। गांव और आसपास के इलाकों में भी इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।
https://ift.tt/YoUgtEb
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply