भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अमेठी जनपद में 01 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अर्पित गुप्ता ने सूचित किया है कि 5 फरवरी 2026 को जनपद में विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 6 जनवरी 2026 से 6 फरवरी 2026 तक निर्धारित की गई है। इस विशेष अभियान दिवस पर जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक उपस्थित रहेंगे। बीएलओ इस दौरान प्रारूप मतदाता सूची का प्रदर्शन करेंगे। साथ ही, गणना चरण के दौरान अनुपस्थित, मृतक, दोहरी प्रविष्टि, अनट्रेस्ड एवं स्थानांतरित मतदाताओं की सूची भी प्रदर्शित की जाएगी। मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां भी इसी दिन प्राप्त की जाएंगी।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि यदि किसी अर्ह मतदाता का नाम सूची में शामिल होने से छूट गया है, तो वह फॉर्म-6 के साथ घोषणा पत्र संलग्न कर आवेदन कर सकता है। किसी मृतक अथवा गलत मतदाता का नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 और नाम, पता या अन्य विवरण में त्रुटि सुधार के लिए फॉर्म-8 भरकर संबंधित बीएलओ को मतदेय स्थल पर प्रस्तुत किया जा सकता है। उन्होंने जनपद के समस्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की है कि वे अपने-अपने बीएलए को 5 फरवरी 2026 को मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहने और अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं के फॉर्म भरवाने हेतु निर्देशित करें। इसका उद्देश्य निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन करना है।
https://ift.tt/vDmRKaI
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply