अमेठी में पीआरडी जवान बाबू राम कोरी (55) का शव दो दिन तक उनके घर में पड़ा रहा। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद कुत्तों ने उनके चेहरे को नोच डाला। घर से दुर्गंध फैलने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। हालांकि, परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। मामला अमेठी कोतवाली के पीठीपुर गांव का है। दरअसल बाबू राम कोरी अविवाहित थे। गांव में अकेले रहते थे। उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। जबकि उनकी दो बहनें विवाहित हैं। गांव में कम ही आती-जाती थीं। ग्रामीणों के मुताबिक, सोमवार को बाबू राम को लड़खड़ाते हुए घर में प्रवेश करते देखा गया था। इसके बाद मंगलवार और बुधवार को वह कहीं नजर नहीं आए। गुरुवार को उनके घर से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों को शक हुआ। जब लोगों ने घर के अंदर झांककर देखा तो बाबू राम जमीन पर मृत अवस्था में पड़े मिले। इस दौरान कुत्तों द्वारा उनके चेहरे को नोचने की पुष्टि भी हुई। पड़ोसियों ने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बाबू राम की बहन महुआइन से फोन पर संपर्क किया गया, जो इस समय दिल्ली में हैं। बहन ने शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद उनके पति देर शाम पीठीपुर गांव पहुंचे। पड़ोसियों ने बताया कि बाबू राम गांव के लोगों से अधिक मेलजोल नहीं रखते थे। कोतवाली प्रभारी रवि कुमार सिंह ने बताया- मामले में परिजनों की ओर से कोई आरोप नहीं लगाया गया है। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
https://ift.tt/CIDAXEj
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply