अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के पचोकरा गांव में एक महिला की चाकू मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह घटना बुधवार दोपहर दिनदहाड़े हुई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी धीरज के मृतका रूबी से करीब चार साल से प्रेम संबंध थे। पिछले चार महीने से महिला ने आरोपी से बातचीत बंद कर दी थी। आरोपी धीरज महिला से बात करना चाहता था, लेकिन बात न करने पर उसने चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी। मृतका की पहचान गांव निवासी दलित नरेंद्र कुमार की 35 वर्षीय पत्नी रूबी के रूप में हुई है। आरोपी धीरज (22) पड़ोस में रहने वाले बृजपाल का बेटा है और वाल्मीकि समाज से है। उसने अपने घर के आगे ही रूबी पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर हत्या कर दी थी और बाद में पड़ोस के घर में छिप गया था।
घटना के बाद मृतका के परिजनों ने आरोपी के दो घरों में तोड़फोड़ की, जिससे गांव में तनाव की स्थिति बन गई। स्थिति को देखते हुए एसपी सहित पांच थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। करीब छह घंटे की समझाइश के बाद गुस्साए लोगों को शांत कराकर शव को कब्जे में लिया गया। गुरुवार को अमरोहा के एसपी अमित कुमार आनंद ने इस हत्याकांड का पर्दाफाश किया। उन्होंने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी धीरज और उसके सगे भाई नीरज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
https://ift.tt/Xs7DnBA
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply