DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

अब सिर्फ स्टेशन नहीं, ट्रांजिट हब बनेगा मैनपुरी जंक्शन:दो महीने की डेडलाइन, अमृत योजना से स्मार्ट सुविधाओं की एंट्री

उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने मैनपुरी जंक्शन का विशेष निरीक्षण किया। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की और सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ अगले दो माह में पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने प्लेटफॉर्म, यात्री प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, स्टेशन परिसर और अन्य निर्माणाधीन ढांचों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया, लेकिन अधिकारियों को गुणवत्ता से कोई समझौता न करने और समय-सीमा का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने बताया कि स्टेशन का विकास कार्य पूरा होने के बाद मैनपुरी से नई रेल सेवाएं शुरू करने की योजना बनाई जाएगी। उन्होंने फर्रुखाबाद से आगरा के लिए नियमित ट्रेन संचालन और कानपुर-आनंद विहार साप्ताहिक ट्रेन को नियमित करने पर यात्रियों की संख्या और आवश्यकता के अनुसार निर्णय लेने की बात कही। उन्होंने स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। महाप्रबंधक के निरीक्षण की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन सतर्क हो गया। स्टेशन परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया, प्लेटफॉर्म पर पड़ी मिट्टी को समतल किया गया और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया। स्टेशन अधीक्षक एचएस मीणा ने महाप्रबंधक का स्वागत किया। केंद्र सरकार की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मैनपुरी जंक्शन का कायाकल्प किया जा रहा है। इस योजना में नए यात्री प्रतीक्षालय, आधुनिक शौचालय, वेटिंग एरिया, स्वचालित सीढ़ियां और अन्य यात्री सुविधाओं का निर्माण शामिल है। वर्तमान में स्टेशन पर लगभग 80 से 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, और शेष कार्य अगले दो महीनों में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।


https://ift.tt/3tpqEyX

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *