DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

अज्ञात वाहन की टक्कर से अधेड़ की मौत:झांसी-कानपुर हाईवे पर हुआ हादसा, कोहरा छटने पर दिखा शव

कानपुर देहात के भोगनीपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक व्यक्ति का कुचला हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। यह घटना छतेनी और हांसेमऊ गांव के बीच झांसी-कानपुर हाईवे पर सुबह करीब 8 बजे हुई। राहगीरों ने सड़क किनारे शव देखा, जिसके बाद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। छतेनी गांव के प्रधान अब्दुल हमीद ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही देवीपुर चौकी इंचार्ज अभिषेक चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि युवक की मौत किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि घना कोहरा छंटने के बाद शव दिखाई दिया। पुलिस चौकी पहुंचने पर बरौर निवासी मृतक के भाई छोटे ने शव की पहचान 45 वर्षीय महेंद्र के रूप में की। परिजनों के अनुसार, महेंद्र चार भाइयों में सबसे छोटे थे और पिछले दो वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ थे। उनका इलाज कानपुर में चल रहा था। परिजनों ने बताया कि महेंद्र शुक्रवार शाम बिना किसी को बताए साइकिल लेकर घर से निकल गए थे। देर रात तक घर वापस न लौटने पर उनकी तलाश की जा रही थी। शनिवार सुबह दुर्घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां पत्नी निशा सहित परिवार के अन्य सदस्य बिलख पड़े। महेंद्र की पत्नी निशा के साथ चार बेटियां स्वाती, नैना, रिचा और आरजू हैं। महेंद्र (गुड्डू) एक पल्लेदार मजदूर थे और बाजार में बोरे उठाने का काम करते थे। वर्ष 2021 से वे मानसिक बीमारी से ग्रस्त थे। कानपुर नगर में उनका उपचार चल रहा था, लेकिन मजदूरी के पैसों से परिवार और इलाज का खर्च चलाना उनके लिए मुश्किल हो गया था। पैसे के अभाव में उनका उपचार लगातार नहीं हो पा रहा था, जिससे दवा खत्म होने पर इलाज रुक जाता था। देवीपुर चौकी इंचार्ज अभिषेक चौहान ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है।


https://ift.tt/ZpXRKda

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *