शुक्रवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) अछल्दा के सभागार में ‘प्रगति, स्वाभिमान और सफलता की ओर 2.0’ जनपद स्तरीय बाल उत्सव कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस उत्सव में जिले के विभिन्न विकास खंडों से आए बच्चों ने ‘मेरे बदलाव की कहानी’ और कॉमिक्स बुक आधारित रचनात्मक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) संजीव कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी अछल्दा प्रवीण कुमार और जिला समन्वयक (बालिका शिक्षा) रक्षा चौहान ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर किया। बीएसए संजीव कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि बाल उत्सव जैसे कार्यक्रम बच्चों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति क्षमता को निखारने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने ‘मेरे बदलाव की कहानी’ और कॉमिक्स बुक जैसी गतिविधियों से बच्चों में सामाजिक सरोकारों की समझ विकसित होने पर जोर दिया। बाल उत्सव में जिले के समस्त विकास खंडों से लगभग 60 बच्चों ने प्रतिभाग किया। जिला नोडल बालिका शिक्षा एसआरजी सुनील दत्त राजपूत ने बताया कि 30 बच्चों ने ‘मेरे बदलाव की कहानी’ विषय पर और अन्य 30 बच्चों ने कॉमिक्स बुक आधारित चार्ट-पोस्टर पर रचनात्मक कार्य प्रस्तुत किए। दोनों प्रतियोगिताओं से चयनित 5-5 बच्चों को मंडल स्तर पर प्रतिभाग के लिए भेजा जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मीना मंच के माध्यम से बच्चों ने बालिका सशक्तिकरण से जुड़े अपने अनुभवों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया, जिसकी उपस्थितजनों ने सराहना की। सभी प्रतिभागी बच्चों ने दोनों विषयों पर उत्साहपूर्वक कार्य किया। कार्य का अनुश्रवण जनपद स्तरीय मास्टर ट्रेनर महेश शर्मा और सत्यम द्विवेदी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का संचालन एसआरजी सुभाष रंजन द्विवेदी ने किया। इस अवसर पर जिला समन्वयक (बालिका शिक्षा) रक्षा चौहान ने बताया कि जनपद स्तर से चयनित प्रतिभागी मंडल स्तर पर औरैया जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम में डीसी कुलदीप सचान, मयंक उदेनिया, एआरपी अमित पाल, अनुपम कुशवाहा, प्रवेश कुमार, नोडल शिक्षक संकुल कौशलेंद्र यादव सहित विभिन्न विकासखंडों से आए सुगमकर्ता शिक्षक एवं बच्चे उपस्थित रहे।
https://ift.tt/wSa04YA
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply