संभल में बर्फीली हवाओं के बीच मौसम साफ हो गया है। न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 184 रहा। घने कोहरे से राहत मिलने के बाद जनजीवन सामान्य हो रहा है और बाजारों में रौनक लौटनी शुरू हो गई है। शुक्रवार सुबह 7 बजे सूरज निकलने के साथ ही जिले का मौसम सामान्य रहा। सुबह 8 बजे तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बर्फीली हवाएं चलीं। इन हवाओं का असर आम नागरिकों, विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों पर अधिक देखा गया। दिनभर मौसम साफ रहने और तेज धूप निकलने के बाद अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। बसंत पंचमी के दिन हुई बारिश के बाद मौसम ने करवट ली है। पिछले 15 दिनों में तीन बार बारिश हो चुकी है। घना कोहरा और बारिश के कारण गेहूं, आलू, सरसों और मौसमी सब्जियों को अधिक नुकसान होने की आशंका है। संभल शहर में सुबह 7 बजे न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, चंदौसी, बहजोई, नरौली, सिरसी, बबराला, गुन्नौर, असमोली, पंवासा, रजपुरा और जुनावई में यह 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह 8 बजे इन सभी स्थानों पर तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा। स्थानीय निवासी संजीव कुमार ने बताया कि दो दिनों से मौसम ठीक होने के बाद कारोबार में सुधार दिख रहा है, क्योंकि बारिश से पहले बाजारों में चहल-पहल कम थी। ठंड और कोहरे के कारण ट्रेनों के परिचालन पर भी असर पड़ा है। चंदौसी जंक्शन से लखनऊ जाने वाली लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस, सत्याग्रह चंपारण एक्सप्रेस, जनशताब्दी एक्सप्रेस, लखनऊ इंटरसिटी और पूर्णागिरी-टनकपुर एक्सप्रेस चार घंटे की देरी से चल रही हैं। बरेली-अलीगढ़ पैसेंजर ट्रेन ढाई घंटे और एक मालगाड़ी पांच घंटे देरी से स्टेशन पहुंची। घने कोहरे के कारण बंद की गई मुरादाबाद-बरेली मेमू पैसेंजर ट्रेन अभी तक शुरू नहीं की गई है।
https://ift.tt/H0TVKLz
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply