DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

संभल में ज्वैलर पर छापा, ₹33 करोड़ का माल सीज:मोंटू ज्वेलर्स से ₹1.20 करोड़ टैक्स-जुर्माना वसूला, 21 घंटे चली कार्रवाई

संभल के चंदौसी में एक सर्राफा व्यापारी के यहां 21 घंटे तक चली राज्यकर विभाग की छापेमारी में 1.20 करोड़ रुपये का कर और जुर्माना वसूला गया है। इस कार्रवाई के विरोध में स्थानीय व्यापारियों ने काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया और बाजार बंद कर धरने पर बैठ गए। राज्यकर विभाग मुरादाबाद की प्रवर्तन विंग की टीम ने 4 फरवरी को चंदौसी के बाद बाजार स्थित मोंटू ज्वेलर्स पर छापा मारा। दोपहर 1 बजे शुरू हुई यह कार्रवाई लगातार 21 घंटे तक चली। टीम में 10 अधिकारी शामिल थे, जिनमें तीन महिला अधिकारी भी थीं। पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए तलाशी की यह पूरी कार्यवाही कैमरे की निगरानी में की गई। जांच के दौरान, ज्वैलर शोरूम में रखे गए माल की खरीद से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। ज्वैलर ने स्टॉक में केवल 439 ग्राम सोने की ज्वैलरी और 120 किलोग्राम चांदी की ज्वैलरी का हिसाब दिया। हालांकि, मौके पर 16,638 ग्राम सोना, 875 किलोग्राम चांदी की ज्वैलरी और 34.43 कैरेट हीरा मिला, जो स्टॉक रजिस्टर में दर्ज नहीं था। यह सारा सामान लेखा-पुस्तकों से बाहर मंगाया गया था। लेखा-पुस्तकों से बाहर मिले सोना, चांदी और हीरे की ज्वैलरी का बाजार मूल्य लगभग 33 करोड़ रुपये आंका गया है। जांच अधिकारियों ने नियमानुसार इसे सीज कर दिया। इसके बाद ज्वैलर ने मौके पर 1.20 करोड़ रुपये की धनराशि कर और जुर्माने के रूप में ऑनलाइन नकद जमा की। जांच टीम ने ज्वैलर के शोरूम और आवास से कारोबार से संबंधित लूज पर्चे और मोबाइल फोन में मौजूद डेटा भी जब्त किया है, जिसकी आगे जांच की जाएगी। उक्त कार्रवाई से संबंधित जानकारी अशोक कुमार सिंह अपर आयुक्त ग्रेड-1 मुरादाबाद ने दी है। राज्यकर विभाग मुरादाबाद को सूचना मिली थी कि सोना और चांदी के बाजार भाव में अप्रत्याशित वृद्धि के कारण कुछ व्यापारी कर चोरी के उद्देश्य से भारी मात्रा में बिना प्रपत्रों के खरीद कर रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर अपर आयुक्त ग्रेड-2 आरए सेठ को ऐसे व्यापारियों की पहचान कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए थे।


https://ift.tt/XhOmfLj

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *