श्रावस्ती जिले के हरदत्तनगर गिरंट थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक सड़क हादसा हो गया। महरु गांव के पास तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। घायल युवक का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। जानकारी के अनुसार, हरदत्तनगर गिरंट थाना क्षेत्र के नानकार गांव निवासी 33 वर्षीय गोपाल वर्मा अपनी मोटरसाइकिल से बहराइच के नानपारा से लौट रहे थे। इसी दौरान महरु गांव के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक मल्हीपुर थाना क्षेत्र के बरुहा गांव निवासी 34 वर्षीय अलखराम चला रहे थे, जो अपनी पत्नी के साथ बहराइच से घर लौट रहे थे। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक अपाची बाइक का अगला पहिया टूटकर मुड़ गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़ पड़े। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से गोपाल वर्मा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर ले जाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं, अलखराम को उनके परिजन निजी वाहन से बहराइच मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।परिजन आज उनके शव का पीएम करवा रहे। मृतक अलखराम के परिवार पर यह एक बड़ी विपत्ति है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, वह दो भाइयों में सबसे बड़े थे और उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका था। परिवार में उनकी पत्नी एनम, एक 7 वर्षीय बेटा और 10 व 12 वर्ष की दो बेटियां हैं। अलखराम और उनकी पत्नी ही परिवार का भरण-पोषण करते थे, और अब परिवार की पूरी जिम्मेदारी पत्नी के कंधों पर आ गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
https://ift.tt/K9yhCeW
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply