DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

शाहजहांपुर में दहेज से नाखुश पति ने दिया तीन तलाक:सास ने कहा- इससे छुटकारा पाओ, पत्नी ने थाने पहुंचकर गुहार लगाई

शाहजहांपुर के तिलहर में एक महिला ने अपने पति पर दहेज प्रताड़ना और तीन तलाक देने का आरोप लगाया है।महिला ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। तिलहर नगर के मोहल्ला मौजमपुर निवासी गुलफ्सां पुत्री जमील अहमद ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी करीब चार साल पहले गांव डभौरा निवासी अब्दुल कलीम पुत्र स्व. हबीब अहमद से मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी। शादी में उसके परिजनों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया था।गुलफ्सां का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति अब्दुल कलीम सहित ससुराल वाले दिए गए दहेज से खुश नहीं थे। वे बुलेट मोटरसाइकिल और एक लाख रुपए की अतिरिक्त मांग कर रहे थे। जब उसके मायके वालों ने यह मांग पूरी करने से इनकार किया तो पति, सास शाहीन, देवर अजीम, ननद कुलसुम और अलकमा उसे मारपीट करते और गंदी गालियां देते थे। पीड़िता ने बताया कि कई बार पंचायतों के माध्यम से मामले को सुलझाने का प्रयास किया गया, लेकिन ससुराल वाले उसे लगातार प्रताड़ित करते रहे। सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे उक्त सभी आरोपियों ने उसे फिर से मारा-पीटा और उसके डेढ़ साल के बेटे अब्दुल करीम के साथ घर से बाहर निकाल दिया। उसके पिता को फोन कर बेटी और नाती को ले जाने के लिए कहा गया।इसके बाद गुलफ्सां के माता-पिता, भाई जुबेर अहमद और अन्य रिश्तेदार उसकी ससुराल डभौरा पहुंचे। उन्होंने पति अब्दुल कलीम, सास शाहीन, देवर अजीम और ननद अलकमा को समझाने की कोशिश की, लेकिन सभी एक हो गए और गुलफ्सां के परिजनों के साथ भी गाली-गलौज करने लगे। इसी दौरान सास, ननद और देवर ने पति अब्दुल कलीम से कहा कि इसे तीन तलाक देकर छुटकारा पाओ। इस पर पति ने कहा, “मैं अपने होशोहवास में गुलफ्सां तुम्हें तलाक देता हूं, तलाक देता हूं, तलाक देता हूं।”गुलफ्सां के भाई जुबेर अहमद ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया है। पीड़िता गुलफ्सां ने अपने भाई जुबेर के साथ कोतवाली पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। कोतवाली प्रभारी जुगल किशोर पाल ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर मामले की जांच-पड़ताल कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


https://ift.tt/jGu0p6W

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *