प्रतापगढ़ जिले के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के भाऊपुर गांव में एक किशोर अपनी नाबालिग प्रेमिका से शादी की मांग को लेकर 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के तार से लटक गया। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया। संयोगवश, उस समय क्षेत्र में रोस्टिंग के कारण बिजली आपूर्ति बंद थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीणों की सतर्कता और बिजली विभाग की तत्परता से किशोर की जान बचाई जा सकी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, भाऊपुर गांव का रहने वाला करीब 15 वर्षीय यह किशोर हाईस्कूल के बाद पढ़ाई छोड़ चुका था। उसका पट्टी क्षेत्र की एक किशोरी से प्रेम संबंध था। कुछ महीने पहले वह किशोरी से मिलने उसके गांव गया था, जहां किशोरी के परिजनों ने उसकी पिटाई कर दी थी। यह मामला पुलिस तक भी पहुंचा था, लेकिन बाद में दोनों परिवारों ने आपसी समझौता कर शिकायत वापस ले ली थी। इसके बावजूद दोनों के बीच बातचीत जारी रही, जिससे नाराज होकर परिवार वालों ने किशोर का मोबाइल फोन भी ले लिया था। गुरुवार दोपहर किशोर गांव के बाहर पहुंचा और 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के खुले तार को पकड़कर लटक गया। आसपास के लोगों ने उसे देखकर शोर मचाया। इस पर किशोर अपनी प्रेमिका से शादी कराने की मांग करने लगा। ग्रामीणों ने तत्काल बिजली उपकेंद्र को सूचना दी और आपूर्ति बंद रखने का आग्रह किया। मौके पर पहुंचे बिजली कर्मचारियों और पुलिस ने सीढ़ी लगाकर काफी मशक्कत के बाद किशोर को सुरक्षित नीचे उतारा। पुलिस किशोर को थाने ले गई, जहां उसकी काफी देर तक काउंसिलिंग की गई। थाना प्रभारी विजयेंद्र सिंह ने बताया कि चूंकि दोनों ही नाबालिग हैं, इसलिए परिजनों को समझाकर किशोर को उनके सुपुर्द कर दिया गया। इस घटना के बाद गांव में देर तक यह मामला चर्चा का विषय बना रहा।
https://ift.tt/fMh3B0P
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply