DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

लखनऊ में मॉल से लौट रही महिला से पर्स लूटी:तीन बदमाश गिरफ्तार; लूट का सामान और बाइक बरामद

लखनऊ के पलासियो मॉल से खरीदारी कर घर लौट रही महिला से पर्स लूटने वाले तीन शातिर बदमाशों को गोमती नगर विस्तार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से लूटा गया पर्स, मोबाइल फोन, नगदी और वारदात में इस्तेमाल की गई आर-15 बाइक बरामद की गई है। पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया है। मीना मार्केट, ब्लॉक-ए इंदिरा नगर, गाजीपुर निवासी आशीष कुमार सिंह की पत्नी श्वेता सिंह (30) 30 जनवरी को पलासियो मॉल गई थीं। खरीदारी के बाद वह पनेसिया ढाल से नीचे उतर रही थीं, तभी पीछे से आई बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर हाथ से पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गए। इसी बीच किसी राहगीर ने पुलिस कंट्रोल रूम को लूट की सूचना दी। घायल महिला को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पर्स में मोबाइल फोन, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड और 25 हजार रुपये नकद थे। महिला के पति आशीष कुमार सिंह की तहरीर पर गोमती नगर विस्तार थाने में तीन अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज किया गया। थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक बाइक पर तीन युवक सवार नजर आए। बदमाशों की तलाश में पुलिस ने कई जगह दबिश दी। बुधवार रात शहीद पथ से शालीमार जाने वाली सड़क पर संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान शिवा प्रताप सिंह, मुकुल लोधी और गौरव शर्मा के रूप में हुई। तीनों गुडम्बा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन, दो पर्स, लूट के दो मोबाइल, नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक, शिवा प्रताप सिंह पर जिले में पहले से 15 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि मुकुल लोधी पर सात और गौरव शर्मा पर तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।


https://ift.tt/o2PLvxA

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *