DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

लखनऊ में चाइनीज मांझे से 24 घंटे में दूसरी घटना:रिटायर्ड फौजी का चेहरा कटा, 30 टांके लगे; युवक की हुई थी मौत

लखनऊ में चाइनीज मांझे से 24 घंटे में दूसरी घटना हो गई। पुराने लखनऊ में युवक की मौत के बाद गोमतीनगर विस्तार इलाके में रिटायर्ड फौजी चाइनीज मांझे की चपेट में आ गए। मांझे की धार से उनका जबड़ा और चेहरा बुरी तरह कट गया। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके चेहरे पर 30 टांके लगे हैं। घटना शहीद पथ पर गुरुवार दोपहर को हुई। घायल की पहचान अर्जुनगंज सरयू नगर के रहने वाले बृजेश राय के रूप में हुई है। बृजेश स्कूटी से गोमती नगर जा रहे थे। तभी अचानक मांझा उनके मुंह और चेहरे पर आकर उलझ गया। इससे उनके चेहरे पर गहरा घाव हो गया। होंठ कट गया है। संतुलन बिगड़ने से वह स्कूटी समेत सड़क पर गिर गए और काफी देर तक तड़पते रहे। इधर, पुलिस का कहना है कि बृजेश इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं। अब घटनाक्रम विस्तार से पढ़िए… ड्यूटी से लौटते वक्त हुआ हादसा सेवानिवृत्त फौजी बृजेश राय सुशांत गोल्फ सिटी स्थित कल्याण सिंह कैंसर संस्थान में काम करते हैं। वह अर्जुनगंज से गोमती नगर जा रहे थे। शहीद पथ पर चाइनीज मांझे की चपेट में आ गए। मांझे की धार इतनी तेज थी कि उनका जबड़ा और चेहरा कट गया। खून से लथपथ हालत में वह सड़क पर गिर पड़े। जैकेट से मुंह और जबड़े को बांधा बृजेश ने बताया- अर्जुनगंज से गोमती नगर की ओर जा रहा था। गोमती नगर विस्तार के पास अचानक चाइनीज धागे से मेरा जबड़ा और होंठ कट गया। लोगों की मदद से जैकेट से अपना घाव बांधा। इकाना अस्पताल में फर्स्ट एड लेने के बाद कमांड अस्पताल गया, जहां से इलाज चल रहा है। पुलिस घर आई थी। जांच चल रही है। डॉक्टरों के मुताबिक चेहरे और जबड़े पर गहरे घाव हैं। 30 टांके लगाए गए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनको अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। पुलिस बोली-पीड़ित नहीं चाहता कार्रवाई गोमती नगर विस्तार इंस्पेक्टर सुधीर कुमार अवस्थी ने बताया- बृजेश के वाहन के आगे एक ट्रक चल रहा था, जिसके पीछे धागा बंधा हुआ था। बृजेश उस धागे की चपेट में आ गया, जिससे वह घायल हो गया। पीड़ित ने मामले में किसी भी प्रकार की कार्रवाई से इनकार कर दिया है। पुलिस अभियान पर उठे सवाल लखनऊ में चाइनीज मांझे से लगातार घटनाओं के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ- डीजीपी राजीव कृष्ण के निर्देश पर पुलिस प्रशासन अभियान चला रहा है। इसके बावजूद गोमतीनगर विस्तार जैसी पॉश कॉलोनी में इस तरह की घटना होना पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। पढ़िए योगी ने क्या-क्या कहा था ?
योगी ने कहा- अब अगर चाइनीज मांझे से किसी की जान जाती है तो हत्या का केस दर्ज कर जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा। चाइनीज मांझे की जब्ती के लिए पूरे प्रदेश में यूपी पुलिस सघनता से अभियान चलाएगी। CM ने साफ किया कि चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध है। इसकी बिक्री और इस्तेमाल किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। योगी ने पुलिस प्रमुखों को निर्देश दिया कि इस अवैध नेटवर्क की पहचान करें। तत्काल छापेमारी कर दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करें। चाइनीज मांझे की वजह से हुई मौतों की हालिया घटनाएं- 1. लखनऊ में चलती बाइक पर एमआर का गला कटा
4 फरवरी को लखनऊ में चाइनीज मांझे से गर्दन कटने की वजह से एमआर की मौत हो गई थी। वह बाइक से जा रहे थे। तभी उनके गले में चाइनीज मांझा फंस गया। खून से लथपथ होकर वह बाइक समेत गिर गए और करीब 10 मिनट तक तड़पते रहे। राहगीरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान मोहम्मद शोएब (33) के रूप में हुई। घटना दोपहर करीब 2 बजे की खाला बाजार थाना क्षेत्र के हैदरगंज ओवरब्रिज की है। पढ़ें पूरी खबर 2. डॉक्टर की गर्दन कट गई थी, बीच सड़क तड़पकर मौत
14 जनवरी को जौनपुर में चाइनीज मांझे से गर्दन कटने से एक डॉक्टर की मौत हो गई थी। वह बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में उनकी गर्दन में चाइनीज मांझा फंस गया और गर्दन कटती चली गई। मांझे की धार इतनी तेज थी कि उनकी गले की हड्‌डी तक कट गई थी। हादसा बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे लाइन बाजार थाना क्षेत्र के प्रसाद चौराहे पर हुआ था। मृतक की पहचान केराकत निवासी डॉक्टर समीर हाशमी (28) के रूप में हुई थी। पढ़ें पूरी खबर एक साल में चाइनीज मांझे से 8 की जान गई यूपी में बैन है चाइनीज मांझा यूपी में चाइनीज मांझे की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध है। इसके बाद भी इसकी बिक्री हो रही है। भारत में सामान्य धागे से पतंग की डोर तैयार होती है, लेकिन चीन में नायलॉन के साथ मेटलिक पाउडर का उपयोग होता है। इसमें कांच और लोहे के चूरे को भी मिलाया जाता है ताकि धार और तेज हो। नायलॉन के धागे के कारण पेच लड़ने पर खिंचाव बढ़ता है और चाइनीज मांझा कटता नहीं है। कांच और लोहे का चूर्ण मिला यह मांझा गला रेतने के लिए पर्याप्त होता है। ——————— ये खबर भी पढ़िए- लखनऊ में कुत्तों ने नोंचकर मांस के लोथड़े निकाले…CCTV: महिला को दौड़ाकर काटा, बोलीं- नगर निगम अफसर कहते हैं अपनी सुरक्षा स्वयं करें लखनऊ में आवारा कुत्तों ने एक महिला को दौड़ाकर नोंचा। महिला के पैर में गहरे जख्म हो गए। 2 जगह से मांस के लोथड़े निकल आए। उनका उपचार चल रहा है। मामले की नगर निगम में शिकायत हुई है। यहां पढ़ें पूरी खबर


https://ift.tt/9HkiT8b

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *