लखनऊ में रात से ही बादल छाए रहे। 12 किलोमीटर प्रतिघंटा की स्पीड से बर्फीली हवाएं चलीं। सुबह करीब 7 बजे के बाद घना कोहरा पड़ा। विजिबिलिटी 50 मीटर ही रही। इससे गलन बढ़ गई। ठंड की वजह से कक्षा-8 तक के स्कूलों में 8 जनवरी, बृहस्पतिवार तक छुट्टी घोषित कर दी गई है। 9 से 12 तक की कक्षाएं सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक संचालित की जा रही हैं। फ्लाइट-ट्रेनें देर से चल रही हैं। लोग हीटर, अलाव का सहारा ले रहे हैं। दिन में हल्की धूप निकलने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 15 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री के करीब बना रहेगा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 14.8 डिग्री रहा। यह सामान्य से 5.6 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 7 डिग्री रहा। यह सामान्य से 0.6 डिग्री कम रहा। अधिकतम आर्द्रता 94 फीसदी और न्यूनतम आर्द्रता 78 फीसदी के करीब रहा। वायु गुणवत्ता सूचकांक भी खराब रहा। लखनऊ के मौसम की 3 तस्वीरें देखिए… कल तक बरकरार रहेगी ठंड प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का दौर फिलहाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। मौसम विभाग के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 8 जनवरी तक ठंड और कोहरे में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद ही हल्का सुधार होने के संकेत हैं। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद बर्फबारी वाले पहाड़ी क्षेत्रों से चल रही ठंडी और शुष्क उत्तर-पश्चिमी पछुआ हवाओं के कारण 4 जनवरी से प्रदेश के न्यूनतम तापमान में असरदार गिरावट दर्ज की गई है। इसकी वजह से प्रदेश के कई हिस्सों में रात का तापमान सामान्य से काफी नीचे बना हुआ है। कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है अतुल कुमार सिंह के अनुसार, प्रदेश में घने से अत्यधिक घने कोहरे के कारण धूप देर से निकल रही है या कई जगह पर्याप्त धूप नहीं निकल पा रही है। इससे खासकर प्रदेश के मध्यवर्ती भागों में कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। दिन और रात, दोनों समय चल रही ठंडी हवाओं ने आमजन के लिए मुश्किलें बढ़ा दी हैं। यह कड़ाके की ठंड और कोहरे का सिलसिला 8 जनवरी तक लगभग इसी तरह जारी रह सकता है। इसके बाद कोहरे के घनत्व में कमी आने तथा न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे ठंड के प्रकोप में अल्पकालिक आंशिक राहत मिल सकती है रेड जोन में लालबाग की हवा लखनऊ में मंगलवार को लखनऊ का एयर क्वालिटी खराब श्रेणी में 301 AQI के साथ में रेड जोन में दर्ज किया गया है। तालकटोरा औद्योगिक क्षेत्र 193, अलीगंज 188, गोमतीनगर का 151 के साथ में यलो जोन में रहा है। अंबेडकर यूनिवर्सिटी का AQI 84 और कुकरैल पिकनिक स्पॉट का AQI 79 रहा है, जबकि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की तरफ से शाम 4 बजे जारी आंकड़े के मुताबिक लखनऊ का औसत AQI 158 रहा। अमृत भारत एक्सप्रेस 17 घंटे से ज्यादा लेट कोहरे का सबसे ज्यादा असर लखनऊ होकर दरभंगा जाने वाली 15558 अमृत भारत एक्सप्रेस पर पड़ा। यह ट्रेन करीब साढ़े 17 घंटे की देरी से चली। 15716 गरीब नवाब एक्सप्रेस करीब 1 घंटे, 20505 राजधानी एक्सप्रेस 1 घंटे, 13240 कोटा-पटना एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, 54254 लखनऊ-प्रयाग पैसेंजर साढ़े 3 घंटे, 12556 गोरखधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस साढ़े 5 घंटे, 15744 फरक्का एक्सप्रेस ढाई घंटे, 13551 जम्मूतवी एक्सप्रेस डेढ़ घंटे लेट रही।
https://ift.tt/KdcRb6V
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply