बिजनौर के चांदपुर क्षेत्र में बुधवार को एक तीन वर्षीय बच्ची का शव गेहूं के खेत में मिला। यह घटना शिवाला कलां थाना क्षेत्र के गांव आराजी भैंसा में सामने आई। बच्ची की पहचान अजय सैनी की पुत्री हिमानी के रूप में हुई है। हिमानी मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे से लापता थी। परिजनों ने उसकी तलाश की, जिसके बाद मंगलवार देर शाम शिवाला कलां पुलिस को सूचना दी गई। बुधवार सुबह लगभग 8 बजे बच्ची का शव गांव आराजी भैंसा के बाहर स्थित एक गेहूं के खेत में बरामद हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की। बच्ची के शरीर पर कपड़े नहीं थे, जबकि उसके कपड़े खेत में इधर-उधर बिखरे हुए मिले। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला जंगली जानवरों द्वारा काटे जाने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। बच्ची के ताऊ गजेन्द्र सिंह ने बताया कि वह मंगलवार के जंगल जा रही थी लापता हो गई बहुत तलाश किया नही मिली। सुबह गेंहूं के खेत से मिली लाश। शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था। कपड़े इधर उधर बिखरे पड़े थे। क्या बताए कुछ कह नही सकते। इसके पिता बाहर काम करते हैं। सीओ चांदपुर देश दीपक सिंह ने बताया कि मंगलवार रात डायल 112 के माध्यम से शिवाला कलां थाने को एक बच्ची के लापता होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल निरीक्षण किया। उन्होंने पुष्टि की कि बुधवार सुबह लगभग 8 बजे गेहूं के खेत में बच्ची का शव मिला है और प्रथम दृष्टया यह जंगली जानवरों के हमले का मामला लग रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में भारी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और यदि कोई आपराधिक लापरवाही सामने आती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
https://ift.tt/r9gfA2n
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply