“जाको राखे साइयां, मार सके न कोय” वाली कहावत शुक्रवार को बरेली के हाफिजगंज में हकीकत में बदल गई। शाम साढ़े पांच बजे एक ऐसा मंजर दिखा जिसे देख लोगों की रूह कांप गई, लेकिन नतीजा किसी चमत्कार से कम नहीं था। कई टन गन्ने से लदा एक ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित होकर एक कार पर पलट गया। कार लोहे के डिब्बे की तरह पिचक गई, लेकिन उसमें सवार रिटायर्ड दरोगा नौशाद अली को खरोंच तक नहीं आई। भीषण भिड़ंत और मलबे में तब्दील हुई कार
हादसा हाफिजगंज कस्बे के बाईपास पर हुआ। बदायूं के रहने वाले और वर्तमान में हाफिजगंज निवासी रिटायर्ड दरोगा नौशाद अली बरेली से अपना काम निपटाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीलीभीत की ओर से आ रहा गन्ने से लदा एक बेकाबू ट्रक उनकी कार के ऊपर जा गिरा। वीडियो में साफ दिख रहा है कि ट्रक गिरते ही कार पूरी तरह दब गई और गन्ने का ढेर ऊपर लग गया। मौके पर मौजूद लोगों को लगा कि अब कार सवार का बचना नामुमकिन है। देखे इस खौफनाक हादसे की 5 तस्वीरें मदद को दौड़े ग्रामीण, हाइड्रा क्रेन से निकाला बाहर
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई। पूर्व ग्राम प्रधान अकील राणा ने तुरंत मोर्चा संभाला और अपने साथियों के साथ बचाव कार्य शुरू किया। आनन-फानन में हाइड्रा क्रेन बुलाई गई। फोटो में देखा जा सकता है कि ट्रक और गन्ने के बोझ तले कार पूरी तरह पिचक चुकी थी। घंटों की कड़ी मशक्कत और सावधानी से ट्रक को हटाया गया। जब कार का दरवाजा काटकर नौशाद अली को बाहर निकाला गया, तो वे अपने पैरों पर खड़े थे। यह देख वहां मौजूद हर शख्स दंग रह गया। मौत को करीब से देख बोले नौशाद- “यह अल्लाह का करम है”
सुरक्षित बाहर निकलते ही रिटायर्ड दरोगा नौशाद अली की आंखों में नमी और जुबां पर खुदा का शुक्रिया था। उन्होंने भावुक होकर कहा, “आज मैंने मौत को बेहद करीब से देखा है। ऐसा लगा जैसे सब खत्म हो गया, लेकिन शायद मेरे कोई नेक काम या बड़ों की दुआएं थीं जो मैं बच गया।” मौके पर मौजूद लोग इसे ‘कुदरत का करिश्मा’ मान रहे हैं कि जिस कार के परखच्चे उड़ गए, उसमें सवार व्यक्ति को एक खरोंच तक नहीं आई। प्रशासन पर उठे सवाल, ओवरलोडिंग पर आक्रोश
इस हादसे ने हाफिजगंज और आसपास के इलाकों में हड़कंप मचा दिया है। स्थानीय लोगों का गुस्सा प्रशासन के खिलाफ फूट पड़ा है। ग्रामीणों का आरोप है कि बाईपास पर दिन-रात ओवरलोड ट्रक मौत बनकर दौड़ रहे हैं, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं होती। लोगों ने मांग की है कि अगर इन ओवरलोड वाहनों पर लगाम नहीं कसी गई, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा जानलेवा साबित हो सकता है।
https://ift.tt/A9Xp7DN
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply