उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने भर्ती परीक्षाओं को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही फर्जी सूचनाओं पर सख्त रुख अपनाया है। बोर्ड ने साफ किया है कि परीक्षा से जुड़ी हर आधिकारिक सूचना केवल उसकी वेबसाइट और एक्स (ट्विटर) हैंडल से ही जारी की जाती है। फर्जी पत्र वायरल होने के मामले में लखनऊ में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
आधिकारिक वेबसाइट और एक्स हैंडल ही सूचना का माध्यम
भर्ती बोर्ड ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट किया है कि परीक्षा से संबंधित सभी सार्वजनिक सूचनाएं और निर्देश सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in और एक्स (ट्विटर) हैंडल @upprpb के माध्यम से ही जारी किए जाते हैं। बोर्ड ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि इन प्लेटफॉर्म्स के अलावा किसी भी अन्य स्रोत से प्राप्त पत्र या सूचना पर विश्वास न करें, क्योंकि वे भ्रामक या फर्जी हो सकते हैं।
फर्जी सूचनाओं के प्रचार से बचने की अपील
बोर्ड ने चेतावनी दी है कि किसी भी तरह की भ्रामक या फेक सूचना के प्रचार-प्रसार में शामिल न हों। यदि कोई व्यक्ति इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अभ्यर्थियों से कहा गया है कि किसी भी विस्तृत जानकारी के लिए केवल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल का ही अवलोकन करें।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ फर्जी पत्र
प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि सोशल मीडिया पर भर्ती बोर्ड के नाम से कूटरचित एक पत्र प्रसारित किया गया, जिसमें उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की लिखित परीक्षा की भ्रामक तिथि दर्शाई गई थी। इस फर्जी पत्र से अभ्यर्थियों के बीच भ्रम और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई थी।
लखनऊ में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना हुसैनगंज, कमिश्नरेट लखनऊ में FIR दर्ज कराई गई है। यह एफआईआर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्रतिरूपण, अभ्यर्थियों के बीच न्यूसेन्स की स्थिति उत्पन्न करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के दुरुपयोग से संबंधित धाराओं में दर्ज की गई है। इसमें भारतीय न्याय सहिता 2023 की विभिन्न धाराओं के साथ आईटी एक्ट की धारा 66 भी शामिल है।
पहले से घोषित है परीक्षा की सही तिथि
भर्ती बोर्ड ने दोहराया है कि उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की लिखित परीक्षा की तिथि पहले ही 3 दिसंबर को घोषित की जा चुकी है। यह परीक्षा 14 और 15 मार्च 2025 को प्रस्तावित है और इसे चार पालियों में आयोजित किया जाएगा। बोर्ड ने अभ्यर्थियों से अफवाहों से दूर रहने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।
https://ift.tt/NPi2tTW
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply