कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने साइबर सेल में प्राथमिकी दर्ज कराई है कि उसके पति ने अश्लील तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए हैं। महिला का कहना है कि इन तस्वीरों के वायरल होने के बाद उसका घर से निकलना मुश्किल हो गया है। महिला ने बताया कि उसका विवाह दो साल पहले आगरा के ताजगंज थाना क्षेत्र में हुआ था। शादी के बाद से ही पति उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था। पति की प्रताड़ना से तंग आकर वह अपने मायके लौट आई थी। मायके आने के बाद पति लगातार उसे फोन करके बदनाम करने की धमकियां देने लगा। आरोप है कि पति ने दो इंस्टाग्राम आईडी बनाईं और उन पर महिला की अश्लील तस्वीरें और वीडियो अपलोड कर दिए। इतना ही नहीं, उसने ये तस्वीरें और वीडियो महिला के रिश्तेदारों को भी भेज दिए, जिससे वह काफी आहत हुई। इसी वजह से महिला ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने यह भी बताया कि लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर उसने तलाक के लिए कोर्ट में अर्जी दी थी। इसके बावजूद पति नहीं सुधरा और उसने दूसरी शादी कर ली। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने जानकारी दी कि साइबर सेल की मदद से आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
https://ift.tt/DBrhZIA
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply