चित्रकूट के बहिलपुरवा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी के मां बनने के बाद उसके साथ दुष्कर्म करने वाले चाचा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। नवजात बालिका अब बाल कल्याण समिति (CWC) की निगरानी में है। लगभग नौ माह पहले, थाना क्षेत्र के एक गांव में 16 वर्षीय किशोरी के साथ उसके शादीशुदा चाचा ने दुष्कर्म किया था। लोक-लाज के भय से परिजनों ने घटना की जानकारी होने के बावजूद पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। किशोरी के गर्भवती होने के बाद भी परिजन मामले को टालते रहे और बच्चे को पालने की बात कहते रहे। 31 जनवरी को किशोरी को तेज दर्द होने पर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने एक स्वस्थ बालिका को जन्म दिया। बच्ची के जन्म की सूचना मिलने पर बाल कल्याण समिति की टीम अस्पताल पहुंची और किशोरी के माता-पिता से मामले की जानकारी ली। इसके बाद बुधवार सुबह बहिलपुरवा थाने में दुष्कर्म के आरोपी किशोरी के चाचा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। थाना प्रभारी सत्यमपति ने बताया कि बाल कल्याण समिति की मदद से किशोरी के पिता ने तहरीर दी है। तहरीर में कहा गया है कि उनकी बेटी के साथ उनके शादीशुदा भाई ने दुष्कर्म किया, जिससे वह गर्भवती हुई। आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष राकेश माथुर ने बताया कि नवजात का इलाज CWC की निगरानी में चल रहा है, जबकि उसके परिजन गांव लौट गए हैं।
https://ift.tt/Fls71v9
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply