जालौन पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय शराब तस्करी का खुलासा किया है। इस अभियान में चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से मध्य प्रदेश निर्मित 40 पेटी देशी शराब बरामद हुई है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 60 हजार रुपए बताई जा रही है। इस कार्रवाई का खुलासा जालौन के पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने बताया कि संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कोंच चौराहा से बंगरा रोड पर छैपुला के पास चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो कार को रोका गया। तलाशी लेने पर कार से कुल 40 पेटी देशी शराब बरामद हुई, जिनमें करीब 2 हजार क्वार्टर शामिल थे। बरामद शराब की कुल मात्रा लगभग 360 लीटर आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंदन शिवहरे (28), गुड्डू दोहरे (46), रवि शिवहरे (32) निवासी भिंड, मध्य प्रदेश और ब्रजेन्द्र पाल (31) निवासी दतिया, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो कार (नंबर GJ-04 AT-5453) और एक अतिरिक्त नंबर प्लेट भी जब्त की है। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे मध्य प्रदेश से शराब खरीदकर उत्तर प्रदेश में ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस से बचने के लिए वे रास्ते में वाहन की नंबर प्लेट बदल लेते थे। इस संबंध में कोतवाली जालौन में मुकदमा अपराध संख्या 002/2026 के तहत संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार ने कहा कि अवैध शराब और नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
https://ift.tt/geEHRxB
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply